बिल्सी बाईपास पर बदायूं बस स्टैंड के पास एचडीएफसी बैंक की नई शाखा का आज भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम बिल्सी रिपु दमन सिंह और पालिका चेयरपर्सन ज्ञान देवी सागर ने फीता काटकर इस शाखा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बैंक के क्लस्टर हेड राहुल अग्रवाल ने कहा कि एचडीएफसी बैंक हमेशा सरकारी योजनाओं के तहत ऋण देने में अग्रणी रही है और उद्यमियों, बड़े व्यापारियों, और छोटे दुकानदारों को प्राथमिकता से ऋण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।



राहुल अग्रवाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश में एचडीएफसी बैंक की 1013 शाखाएं सफलतापूर्वक कार्य कर रही हैं। आज बदायूं जनपद की छठी शाखा का उद्घाटन बिल्सी में किया गया है। इसके अलावा, जल्द ही बदायूं जनपद की दातागंज तहसील में भी बैंक की एक नई शाखा खोली जाएगी, जिससे इस क्षेत्र के नागरिकों को भी सुविधाएं मिल सकेंगी।
कार्यक्रम में पूर्व पालिका अध्यक्ष ओम प्रकाश सागर, जयप्रकाश लड़ड़ा, अवधेश माहेश्वरी, हिमांशु गुप्ता, समाजसेवी प्रमोद शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार ललित वार्ष्णेय, फ्यूचर लीडर स्कूल के डायरेक्टर बीपी सिंह, प्रवीन वार्ष्णेय, दुर्गापाल सिंह, और यादराम सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस मौके पर शाखा प्रबंधक मोहम्मद नाजिम, उप शाखा प्रबंधक गौरव सक्सेना, सहायक प्रबंधक अश्विनी श्रीवास्तव, पर्सनल लोन हेड विश्वजीत तोमर और पंकज ने उपस्थित लोगों का गर्मजोशी से स्वागत किया और शाखा में आने के लिए आभार व्यक्त किया।
एचडीएफसी बैंक की इस नई शाखा से बिल्सी और आसपास के क्षेत्रों के व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों को वित्तीय सुविधाओं का लाभ मिलेगा, जिससे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

























