बिल्सी। दीपावली त्यौहार का आगाज आज धनतेरस से हो गया, और इस पर्व पर बिल्सी का मुख्य बाजार सुबह से ही सज उठा। खेल खिलौने, दीया, मोमबत्ती, कैलेंडर और लाइट की झालरों की दुकानें सजी हुई हैं। सुबह से ही ग्रामीण क्षेत्र के लोग खरीदारी के लिए उमड़ पड़े, जिससे बाजार में जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
स्वदेश केसरी ने आज सुबह ही एक खबर प्रकाशित कर प्रशासन का ध्यान मुख्य बाजार में त्यौहार को देखते हुए शहर मे जाम की समस्या पर आकृष्ट किया था साथ सुझाव के रूप मे नगर के मुख्य बाज़ारों मे चार पहिया वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध की मांग की थी। इसके बावजूद सुबह तक प्रशासन मूकदर्शक बना रहा, जिसके कारण बाजार में भीषण ज़ाम लग गया है वर्तमान हालत मे लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है ।
ज़ाम के हालात देखकर प्रशासन की नींद खुल गई है, आनन फानन मे कदम उठाते हुए अब धनतेरस से भाई दूज तक थाना मोड़ तिराहे से आर्य समाज तिराहे तक़,बालाजी तिराहा और सीताराम तिराहा से सहकारी बैंक चौराहे तक सभी व्यावसायिक वाहनों, ई-रिक्शा, और चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। अधिशासी अधिकारी वेद प्रकाश यादव ने बताया कि जो भी इन नियमों का उल्लंघन करेगा, उस पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। प्रशासन ने सभी प्रमुख चौराहों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती कर दी है ।

























