
बिल्सी: बाबा इंटरनेशनल स्कूल में 2 सितंबर 2024 को ‘रेड डे’ का आयोजन बड़े ही धूमधाम से किया गया। इस खास मौके पर पी.जी. से के.जी. तक के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने लाल रंग की पोशाकें पहनकर सभी का दिल जीत लिया। लाल रंग के विभिन्न शेड्स में सजे बच्चे मानो प्रकृति की मुस्कान की तरह नजर आ रहे थे।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने रंगों के आधार पर वस्तुओं की छंटाई और वर्गीकरण सीखा, जिससे उनकी रंगों की पहचान की क्षमता और संज्ञानात्मक कौशल को मजबूती मिली। बच्चों को लाल रंग से संबंधित विभिन्न वस्तुओं के बारे में भी जानकारी दी गई, जिससे उनके ज्ञान में इजाफा हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय ने लाल रंग की महत्वता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह रंग पैशन, प्रेम, शक्ति, क्रोध, संघर्ष, सम्पन्नता और खुशी का प्रतीक है। उन्होंने यह भी बताया कि हिंदू धर्म में लाल रंग का शुभ कार्यों में विशेष महत्व होता है।
विद्यालय की निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने कहा कि लाल रंग जोश, उत्तेजना और प्रेरणा का प्रतीक है, और यह वैज्ञानिक दृष्टिकोण से व्यक्ति की ऊर्जा पर भी सकारात्मक प्रभाव डालता है।
प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने कहा कि बच्चों को रंगों की पहचान करवाने के लिए नियमित शिक्षा के अलावा इस तरह के क्रियाकलाप बेहद महत्वपूर्ण हैं। इस तरह के आयोजन से बच्चे मस्ती के साथ शिक्षा को ग्रहण करते हैं, और उन्हें भविष्य के लिए बेहतर नागरिक बनाने में भी मदद मिलती है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रशासक अमित माहेश्वरी और समस्त स्टाफ की उपस्थिति रही।

























