बिल्सी। बदायूं-बिजनौर हाईवे व बिल्सी नगर के देववाणी चौक पर हुई दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में दो लोगों की जान चली गई। पहली घटना गजरौला के निकट हुई, जहां एक बाइक और पिकअप की भिड़ंत में कस्बा निवासी साहिल अल्वी गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे मुरादाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। कस्बे के मोहल्ला नंबर 8 निवासी रईस अल्वी के पुत्र साहिल अल्वी (22) और उनका दोस्त आशीष 19 जुलाई की शाम बाइक से नोएडा जा रहे थे। NH 24 पर गजरौला के निकट सामने से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को रौंद दिया, जिससे साहिल को सिर में गंभीर चोटें आईं थीं, कल देर शाम मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया।बताया जा रहा है कि साहिल की शादी अभी 3 माह पूर्व ही हुई थी।
दूसरी घटना कस्बे के देववाणी चौराहे के निकट हुई, जहां एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबकर 15 वर्षीय आदित्य की दर्दनाक मौत हो गई। सतेती निवासी आदित्य (15) पुत्र विनोद वाल्मीकि बाइक से किसी कार्य हेतु बिल्सी जा रहा था। देववाणी चौराहे पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और वह बाइक के पीछे गिर गया। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए बदायूं भेज दिया।

























