होम राज्य dainik bhaskar news headlines aditya L1 drug mallikarjun kharge | मॉर्निंग न्यूज...

dainik bhaskar news headlines aditya L1 drug mallikarjun kharge | मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: खराब दवाओं की वापसी पर नियम सख्त; आसमान में फ्लाइट का दरवाजा उखड़ा, खड़गे बोले- I.N.D.I.A संयोजक कौन बनेगा यह सवाल KBC जैसा

5 मिनट पहलेलेखक: अभिषेक कुमार तिवारी, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर स्वास्थ्य मंत्रालय की नई गाइडलाइन की रही। जिसके मुताबिक, दवा कंपनियों को ड्रग वापस लेने पर लाइसेंसिंग अथॉरिटी को इसकी जानकारी देनी होगी। वहीं अमेरिका में एक विमान का दरवाजा हवा में उखड़ गया। हम आपको यह भी बताएंगे कि खड़गे ने ऐसा क्यों कहा कि, I.N.D.I.A. संयोजक का सवाल कौन बनेगा करोड़पति जैसा है।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

1. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गुजरात जाएंगे। कई शहरों में सम्मेलन और जनसभाएं करेंगे, जेल में बंद AAP विधायक से भी मिलेंगे।

2. लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चुनाव आयोग की टीमें राज्यों का दौरा शुरू करेंगी।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. खराब दवाओं की वापसी की जानकारी ड्रग्स अथॉरिटी को देनी होगी, सरकार की नई गाइडलाइन

सरकार ने 28 दिसंबर 2023 को एक नोटिफिकेशन जारी करके कंपनियों को नए नियमों का पालन करने का निर्देश दिया है।

सरकार ने 28 दिसंबर 2023 को एक नोटिफिकेशन जारी करके कंपनियों को नए नियमों का पालन करने का निर्देश दिया है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने भारत में फार्मास्युटिकल कंपनियों के लिए नए नियम जारी कर दिए हैं। इसके तहत दवा कंपनियां अगर किसी ड्रग को वापस लेती हैं, तो उन्हें दवा की सूची और वापसी का कारण लाइसेंसिंग अथॉरिटी को बताना होगा।

WHO के स्टैंडर्ड से टेस्टिंग: नई नियमों के तहत अब कंपनियों को अपने सभी प्रोडक्ट्स के डिफेक्ट, खराब गुणवत्ता या गलत प्रोडक्शन के बारे में भी बताना होगा। साथ ही दवाओं की टेस्टिंग WHO और अन्य ग्लोबल स्टैंडर्ड के मुताबिक करनी होगी।

नियम कड़े क्यों किए गए: स्वास्थ्य मंत्रालय ने अगस्त 2023 में कहा था कि 162 ड्रग फैक्ट्रियों में कच्चे माल की टेस्टिंग नहीं की जा रही थी। वहीं 2022 में भारत में बने कफ सिरप से विदेश में कई लोगों की जान गई थी। जिसके बाद से केंद्र सरकार ने फार्मास्युटिकल इंडस्ट्री की स्क्रूटनी बढ़ाने के लिए कदम उठाने शुरू कर दिए।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. सोलर मिशन आदित्य-L1 लैग्रेंज पॉइंट पर पहुंचा, 126 दिन चला सफर
इसरो का आदित्य-L1 स्पेसक्राफ्ट 126 दिनों में 15 लाख किमी की दूरी तय करने के बाद सन-अर्थ लैग्रेंज पॉइंट 1 (L1) पर पहुंच गया है। आदित्य-L1 अब अपने 7 पेलोड की मदद से 5 साल तक सूरज की स्टडी करेगा।

लैग्रेंज पॉइंट-1 (L1) क्या है: लैग्रेंज पॉइंट का नाम इतालवी-फ्रेंच मैथमैटीशियन जोसेफी-लुई लैग्रेंज के नाम पर रखा गया है। इसे बोलचाल में L1 नाम से जाना जाता है। ऐसे पांच पॉइंट धरती और सूर्य के बीच हैं, जहां सूर्य और पृथ्वी का गुरुत्वाकर्षण बल बैलेंस हो जाता है। अगर इस जगह पर किसी ऑब्जेक्ट को रखा जाता है तो वह आसानी से उस पॉइंट के चारों तरफ चक्कर लगाना शुरू कर देता है।

मिशन का क्या है काम: आदित्य L1 मिशन को सूर्य की स्टडी के लिए 2 सितंबर को लॉन्च किया गया था। यह सूरज के किनारों पर होने वाली हीटिंग और उसके वायुमंडल की जानकारी रिकॉर्ड करेगा। साथ ही पृथ्वी पर आने वाली सूरज की किरणों से मौसम में होने वाले परिर्वतन की स्टडी करेगा।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. अमेरिका में 16 हजार फीट ऊपर प्लेन का दरवाजा उखड़ा, भारत में भी जांच के आदेश

फुटेज बोइंग 737 मैक्स प्लेन की है। टेकऑफ के बाद इसका दरवाजा हवा में उड़ गया।

फुटेज बोइंग 737 मैक्स प्लेन की है। टेकऑफ के बाद इसका दरवाजा हवा में उड़ गया।

अमेरिका में अलास्का एयरलाइंस की बोइंग 737-9 मैक्स फ्लाइट का दरवाजा हवा में उखड़ गया। फ्लाइट पोर्टलैंड से कैलिफोर्निया के ओंटारियो जा रही थी। तभी 16 हजार फीट की ऊंचाई पर प्लेन का इमरजेंसी एग्जिट डोर निकल गया।

दरवाजा उखड़ने के बाद क्या हुआ: दरवाजा उखड़ने से बगल की सीट पर बैठे बच्चे की शर्ट फट गई। वहीं कुछ पैसेंजर के फोन भी हवा में उड़ गए। हालांकि बच्चे की मां ने उसे प्लेन से बाहर गिरने से बचा लिया। इसके बाद विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

भारत में भी गेट चेकिंग का आदेश: अलास्का एयरलाइंस ने इस घटना के बाद बोइंग 737-9 के सभी विमानों की उड़ान पर रोक लगा दी है। इस बीच भारत के एविएशन रेगुलेटर DGCA ने बोइंग 737-8 मैक्स प्लेन के इमरजेंसी एग्जिट डोर का निरीक्षण करने को कहा है।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. मल्लिकार्जुन खड़गे बोले- I.N.D.I.A. संयोजक का सवाल कौन बनेगा करोड़पति जैसा
28 दलों के विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. का संयोजक कौन होगा। इसको लेकर तमाम अटकलें लगाई जा रहीं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से जब इसके बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा- यह कौन बनेगा करोड़पति के सवाल जैसा है। दरअसल संयोजक को लेकर खड़गे और नीतीश का नाम काफी चर्चा में है।

सीट शेयरिंग पर फैसला बाकी: खड़गे ने बताया, सभी दलों की बैठक 10-15 दिनों के बीच में होगी। उसमें गठबंधन की जिम्मेदारियां तय कर दी जाएंगी। कांग्रेस सभी 545 लोकसभा क्षेत्रों पर काम कर रही है और सभी सीटों के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं। लेकिन कौन सी पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इसका फैसला बाकी है।

कैसे होंगी संयुक्त रैलियां-बैठकें: खड़गे ने कहा- इंडिया ब्लॉक के सहयोगियों ने संयुक्त रैलियां और बैठकें आयोजित करने का फैसला किया है। हम जल्द ही उन स्थानों का फैसला करेंगे जहां ये बैठकें आयोजित की जाएंगी। अगली मीटिंग में इस पर फैसला करेंगे।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. बांग्लादेश में चुनाव से पहले हिंसा, उपद्रवियों ने ट्रेन और स्कूलों में आग लगाई ​​​​​

बांग्लादेश की राजधानी ढाका के गोपीबाग इलाके में 5 जनवरी की रात एक ट्रेन में उपद्रवियों ने आग लगा दी थी।

बांग्लादेश की राजधानी ढाका के गोपीबाग इलाके में 5 जनवरी की रात एक ट्रेन में उपद्रवियों ने आग लगा दी थी।

बांग्लादेश में जनरल इलेक्शन से पहले उपद्रवियों ने 5 स्कूलों में आग लगा दी। इनमें से 4 स्कूल को पोलिंग बूथ बनाया गया था। वहीं एक दिन पहले ढाका में एक ट्रेन में आग लगा दी गई थी। जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई थी।

बांग्लादेश में 7 जनवरी को वोटिंग: बांग्लादेश में 12वें आम चुनावों को मॉनिटर करने के लिए भारत सहित करीब 30 देशों और EU के लगभग 180 एक्सपर्ट्स मौजूद रहेंगे। 8 जनवरी को चुनाव के नतीजे घोषित होंगे। कुल 299 सीटों पर वोटिंग होगी।

वोटिंग के दौरान हड़ताल: बांग्लादेश में मुख्य विपक्षी पार्टी BNP ने 11 विपक्षी दलों के साथ मिलकर 48 घंटों की हड़ताल की घोषणा की है। यह हड़ताल शनिवार से सोमवार सुबह 6 बजे तक चलेगी। विपक्षी दलों ने जनता से चुनाव का बहिष्कार करने को कहा है।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. भूटान में लगातार कब्जा बढ़ा रहा चीन, तीन साल में इमारतें-सड़कें बनाईं

पहली तस्वीर 9 नवंबर 2020 की है जहां मैदान साफ है। वहीं 21 दिसंबर वाली इमेज में कंस्ट्रक्शन दिख रहा है।

पहली तस्वीर 9 नवंबर 2020 की है जहां मैदान साफ है। वहीं 21 दिसंबर वाली इमेज में कंस्ट्रक्शन दिख रहा है।

चीन तेजी से भूटान के उत्तरी इलाकों के पास इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलप कर रहा है। भूटान की 600 किमी सीमा चीन से लगती है। चीन जाकरलुंग घाटी में भी अपने लोगों के रहने के लिए 129 बिल्डिंग्स बना रहा है। 62 इमारतों का कंस्ट्रक्शन भी हो रहा है।

सैटेलाइट तस्वीरों में खुलासा: नई तस्वीरें बेयुल खेनपाजोंग इलाके की हैं। यह इलाका शाही परिवार से जुड़ा है। अमेरिका की मैक्सार टेक्नोलॉजी ने ये सैटेलाइट तस्वीरें जारी की हैं। जिसमें देखा जा सकता है कि पिछले तीन सालों में चीन ने यहां इमारतें और सड़कें तैयार की हैं।

चीन-भूटान के बीच बातचीत: भूटान अपने क्षेत्र में चीनी घुसपैठ को हमेशा के लिए खत्म करने की कोशिश में चीन के साथ संबंध बढ़ा रहा है। दोनों देश सीमा निर्धारित करने पर बातचीत कर रहे हैं। अक्टूबर 2023 में भूटान के विदेश मंत्री टांडी दोर्जी ने बीजिंग में चीन के विदेश मंत्री से मुलाकात की थी।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

1. बयान: AIUDF प्रमुख बोले- मुस्लिम 20-26 जनवरी तक यात्रा न करें: भाजपा हमारे धर्म की दुश्मन; BJP ने किया पलटवार (पढ़ें पूरी खबर)

2. नेशनल: पति की मौत की खबर पर पत्नी ने की खुदकुशी: युवक बोला- जिंदा हूं; गलत जानकारी के दावे पर डॉक्टर बोले- परिवार ने बॉडी पहचानी थी (पढ़ें पूरी खबर)

3. जीवन प्रतिष्ठा: राम लला के लिए ससुराल से आए 5000 उपहार: इनमें चांदी के खड़ाऊं-जेवरात शामिल, मिथिला से 500 लोग पहुंचे अयोध्या (पढ़ें पूरी खबर)

4. नेशनल: एक देश एक चुनाव समिति ने लोगों से मांगे सुझाव: 15 जनवरी तक दे सकेंगे राय, पब्लिक नोटिस जारी किया (पढ़ें पूरी खबर)

5. इंटरनेशनल: एक मेडिसिन से 6 देशों में 17 हजार मौतें: अमेरिका-स्पेन में सबसे ज्यादा जानें गईं; ट्रम्प ने इसे चमत्कारी दवा बताया था (पढ़ें पूरी खबर)

6. नेशनल: जयपुर में PM मोदी को काले झंडे दिखाने की धमकी: डीजी-आईजी कॉन्फ्रेंस में मौजूद रहे प्रधानमंत्री (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

कुत्ते से डरकर भागा लेपर्ड, 2 बार हमले की कोशिश को किया नाकाम

राजस्थान में एक लेपर्ड ने कुत्ते पर हमला किया। बाद में उसी को जान बचाकर भागना पड़ा। मामला पाली जिले के जवाई लेपर्ड कंजर्वेशन एरिया का है। जिसका वीडियो वहां घूम रहे एक सैलानी के कैमरे में कैद हो गया। दरअसल लेपर्ड ने कुत्ते पर दो बार अटैक किया। एक बार गर्दन भी दबोची मगर हर बार नाकाम रहा। जिसके बाद लेपर्ड को हारकर भागना पड़ा।

पढ़ें पूरी खबर…

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

1. राष्ट्रपति मुर्मू के दो गांव, एक बना शहर, दूसरा वीरान: ससुराल में स्कूल, रेलवे स्टेशन, स्किल सेंटर; मायके में अच्छी सड़क तक नहीं
2. आमिर की बेटी की रजिस्टर्ड मैरिज: जानिए, कोर्ट मैरिज और रजिस्टर्ड मैरिज में अंतर; 6 कागजात जरूरी, तभी शादी मान्य
3. राम मंदिर के एनसाइक्लोपीडिया चंपत राय की कहानी: केमिस्ट्री के प्रोफेसर थे, 18 महीने जेल में रहे; रामकाज के लिए शादी नहीं की
4. आज भी सवालों में है शोभा की मौत: 17 की उम्र में नेशनल अवॉर्ड जीता, 26 साल बड़े बालू महेंद्र से की सीक्रेट शादी फिर आत्महत्या
5. केजरीवाल ने 3, सोरेन ने 7 समन ठुकराए: अब ED आगे क्या करेगी; सीएम की गिरफ्तारी के क्या प्रावधान हैं
6. आइसक्रीम फ्लेवर्स का कब्रिस्तान: कब्र से निकालकर क्यों बेची जाती है आइसक्रीम, इन्हें दफनाने की परंपरा कैसे शुरू हुई

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here