तहसील प्रभारी-ललित वार्ष्णे बिल्सी। बीती रात वजीरगंज-बिल्सी मार्ग पर स्थित गांव सिमर्रा भोजपुर की छुईया की पुलिया के निकट एक तेज रफ्तार से आ रही बाइक अचानक से फिसल कर खाई में गिर गई। जिससे बाइक पर सवार दो भाई घायल हो गए। जिनका उपचार नगर में निजी चिकित्सक के यहां चल रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक नगर के मोहल्ला संख्या एक खैरी रोड निवासी धीरेंद्र माहेश्वरी उर्फ बंटू और उनके भाई जितेंद्र माहेश्वरी बीती शनिवार की रात आंवला स्थित अपनी ससुराल से अपनी बाइक से वापस लौट रहे थे। तभी बिल्सी-वजीरगंज मार्ग पर गांव सिमर्रा भोजपुर के निकट छुईया की पुलिया पर आकर उनकी बाइक तेज रफ्तार के साथ फिसल कर खाई में पलट गई। जिससे दोनों भाई घायल हो गए। तभी वहां से गुजर रहे लोगों ने इसकी सूचना उनके परिवार के लोगों को दी। जिसके बाद दोनों को उपचार के लिए निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया है जहां दोनों की हालत ठीक बताई जा रही है।

























