लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्रचंड जीत के बाद पहली बार योगी आदित्यनाथ ने आज दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात की. इस दौरान सीएम योगी को पीएम नरेंद्र मोदी ने जीत की बधाई दी. सीएम योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी को शपथ ग्रहण में आने का दिया न्योता दिया. बताया जा रहा है कि उनके बीच नई सरकार के गठन पर चर्चा हो सकती है. योगी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात करेंगे.

इससे पहले दिल्ली में यूपी के कार्यवाहक मुख्यमंत्री ने उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू से मुलाकात की. योगी ने भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष और केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल से भी शिष्टाचार भेंट की.
बता दें कि 37 साल बाद यूपी में किसी सीएम की अगुआई में दोबारा सरकार लौटी है. भाजपा गठबंधन ने 273 सीटें जीती हैं. 2003 के बाद योगी आदित्यनाथ पहले सीएम होंगे जो विधानसभा के सदस्य होंगे. बीजेपी के 10 नेताओं ने एक लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है. इसमें योगी आदित्यनाथ का नाम भी शामिल है.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. माना जा रहा है कि यूपी में नए मंत्रिमंडल के गठन को लेकर पीएम मोदी की सीएम योगी के साथ यह बैठक हुई है. इससे पहले योगी पार्टी के संगठन महासचिव बीएल संतोष समेत कई नेता दिल्ली पहुंचे थे. योगी ने बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात की थी. यूपी में हुए हालिया विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने दोबारा सत्ता हासिल कर 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा है. हालांकि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य समेत 11 मंत्रियों को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है. बीजेपी योगी सरकार के नए मंत्रिमंडल में जातीय, क्षेत्रीय समीकरणों के बीच संतुलन बिठाना चाहती है.
बीजेपी में उप मुख्यमंत्री पद के लिए ब्राह्मण चेहरा बृजेश पाठक, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और कुर्मी नेता स्वतंत्र देव सिंह और आगरा से चुनाव जीतीं जाटव समाज की बेबी रानी मौर्य का नाम भी उछल रहा है. हालांकि संभावना है कि चुनाव हारने के बावजूद केशव प्रसाद मौर्य को डिप्टी सीएम बनाया जाएगा, वो पार्टी में ओबीसी का बड़ा चेहरा हैं. पार्टी मंत्रिमंडल में कुछ नए चेहरों को भी शामिल कर सकती है. नोएडा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह का नाम भी मंत्रिपद के दावेदारों में बताया जा रहा है. पंकज सिंह ने 1.81 लाख से ज्यादा वोटों से नोएडा में जीत दर्ज की है. सतीश महाना, सुरेश खन्ना जैसे दिग्गज भी फिर चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं. सतीश महाना ने आठवीं बार विधानसभा चुनाव जीता है. जबकि सुरेश खन्ना शाहजहांपुर से रिकॉर्ड 9वीं बार चुनाव जीत विधायक बने हैं.

























