बदायूं। सर्राफा बाजार स्थित प्राचीन 84 घंटा हनुमान मंदिर पर ज्येष्ठ मास का अंतिम बड़ा मंगल पर्व मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति भाव और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर को सतरंगी फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जहां दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और जय श्रीराम-जय हनुमान के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

मंदिर के पुजारी पंडित सुधीर मिश्रा ने प्रातः 7:30 बजे कलयुग के जागृत देव, पवनपुत्र और प्रभु श्रीराम के परम भक्त श्री हनुमान जी को चमेली के तेल एवं सिंदूर से लेपन कर चांदी के वर्क के साथ विशेष चोला चढ़ाया। इसके बाद नवीन वस्त्र एवं आभूषणों से श्री हनुमान जी का भव्य-दिव्य श्रृंगार किया गया। आरती के उपरांत लड्डुओं का भोग लगाया गया।

ज्येष्ठ मास की तेज धूप को देखते हुए मंदिर परिसर की ओर से प्रातः 10 बजे से शाम तक राहगीरों के लिए शीतल शरबत वितरण की व्यवस्था की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और राहगीरों ने शरबत प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान मंदिर परिसर पूरी तरह आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया।

रात्रि 7:30 बजे मंदिर में भव्य आरती की जाएगी । इसके बाद श्रद्धालू सामूहिक रूप से श्री हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ करेंगे,

पंडित सुधीर मिश्रा ने बताया कि श्री हनुमान जी प्रभु श्रीराम के परम प्रिय एवं अनन्य भक्त हैं। उनकी आराधना से भक्तों के रोग, शोक और जीवन के संकट दूर होते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान श्रीराम और हनुमान जी की भक्ति को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।

श्री हनुमान जी के नवीन वस्त्र एवं आभूषणों से श्रृंगार की व्यवस्था शिवेंद्र भारद्वाज एवं माधव सिंह द्वारा की गई, जबकि मंदिर परिसर को सतरंगी फूलों से सजाने की व्यवस्था हिमांशु अरोरा ने की।

इस अवसर पर राजकुमार सिंह सेंगर, अजय रस्तोगी, आलोक भारद्वाज, राजू वैश्य, अखिलेश गुप्ता, सुरेश, सुमित, तेजस रस्तोगी, संजय मेंदीरत्ता, अरविंद वैश्य, अनुराग शर्मा, पवन गुप्ता, प्रदीप, कन्हैया मिश्रा, रामगोपाल और नरेश सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here