

बदायूं। “एक तू सच्चा, तेरा नाम सच्चा” मंत्र के ऋषि सत्पुरुष बाबा फुलसंदे वालों का सोमवार को बदायूं पहुंचने पर धर्मप्रेमियों ने भव्य स्वागत किया। चंदौसी रोड स्थित भारद्वाज फर्नीचर हाउस पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष एवं टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय सचिव संजीव शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बाबा फुलसंदे वालों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया।
स्वागत समारोह में बाबा फुलसंदे वालों ने श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में प्रभु का नित्य स्मरण करना चाहिए और अपने कर्तव्य पथ पर ईमानदारी, निष्ठा एवं सेवा भाव के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि सच्चे मन से प्रभु स्मरण और सद्कर्मों का मार्ग जीवन को सार्थक बनाता है।
इसके बाद बाबा फुलसंदे वालों की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा नवादा चौराहा से दातागंज चुंगी और माझिया रोड होते हुए आवास विकास स्थित उनके प्रवास स्थल तक पहुंची। मार्ग में श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ बाबा का स्वागत किया और श्रद्धा का भाव प्रकट किया।
आवास विकास स्थित निवास पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों, शिक्षकों, “एक तू सच्चा तेरा नाम सच्चा” धर्मार्थ समिति बदायूं के सदस्यों तथा अन्य धर्मप्रेमियों ने बाबा फुलसंदे वालों का फूल-मालाओं से स्वागत किया।
दिव्य धर्मसभा एवं सत्संग के आयोजक संजीव शर्मा ने बताया कि मंगलवार सुबह 10 बजे आवास विकास स्थित निवास पर बाबा फुलसंदे वालों की प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी। इसके बाद दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक आवास विकास स्थित राजमहल गार्डन में बाबा की अमृतवाणी से सत्संग होगा। उन्होंने सभी धर्मप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सत्संग का धर्मलाभ लेने की अपील की है।


























