होम राज्य उत्तर प्रदेश 84 घंटा हनुमान मंदिर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया...

84 घंटा हनुमान मंदिर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया ज्येष्ठ मास का सातवां बड़ा मंगल,”सब सुख लहैं तुम्हारी सरना, तुम रक्षक काहू को डरना” के जयघोष से गूंजा मंदिर परिसर।

बदायूं। सर्राफा बाजार स्थित प्राचीन 84 घंटा हनुमान मंदिर में ज्येष्ठ मास का सातवां बड़ा मंगल पर्व मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और “जय श्रीराम” तथा “जय हनुमान” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

प्रातः 7:30 बजे मंदिर के पुजारी पंडित सुधीर मिश्रा ने श्री हनुमान जी का सिंदूर एवं चमेली के तेल से विशेष अभिषेक कर चांदी के वर्क युक्त आकर्षक चोला अर्पित किया। इसके उपरांत नवीन वस्त्र एवं आभूषण धारण कराकर बजरंगबली का भव्य एवं दिव्य श्रृंगार किया गया। श्रद्धालुओं ने दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की। इसके बाद आरती उतारकर लड्डुओं एवं फलों का भोग अर्पित किया गया।

पंडित सुधीर मिश्रा ने बताया कि ज्येष्ठ मास में हनुमान जी की विशेष पूजा-अर्चना का अत्यंत महत्व है। उन्होंने कहा कि भक्तजन अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति एवं कार्य सिद्धि के लिए श्री हनुमान जी के चरणों में अर्जी लगाते हैं। सच्चे मन से की गई प्रार्थना को संकटमोचन हनुमान अवश्य स्वीकार करते हैं और भक्तों के रोग, शोक तथा जीवन के विभिन्न संकटों को दूर करते हैं।

उन्होंने बताया कि रात्रि 7:30 बजे श्री हनुमान जी की भव्य महाआरती आयोजित की जाएगी, जिसके उपरांत सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ होगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे।

इस अवसर पर हर्षित रस्तोगी, प्रिंसी रस्तोगी एवं दिशांत रस्तोगी ने श्री हनुमान जी को नवीन वस्त्र एवं आभूषण अर्पित कर सेवा का सौभाग्य प्राप्त किया तथा फलों एवं लड्डुओं का भोग लगाकर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया।

कार्यक्रम में राजकुमार सिंह सेंगर, मनु अग्रवाल, रोचक वैश्य, दीपक वैश्य, शिवेंद्र भारद्वाज, रामगोपाल, प्रदीप पटवा, कन्हैया मिश्रा, वंश मिश्रा, नरेश प्रजापति, राजीव सैनी सहित बड़ी संख्या में श्रीराम एवं हनुमान भक्त उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here