बदायूं। अखिल भारतीय सनातन बोर्ड मठ-मंदिर विभाग की ओर से जिले में धर्म और मंदिर व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से बड़ा आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को शहर के रजी चौक स्थित डॉ. सुशील गुप्ता के आवास पर आयोजन समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, जिसमें आगामी “धर्म समागम” को लेकर रणनीति तय की गई।

मठ-मंदिर विभाग प्रमुख अश्वनी भारद्वाज ने जानकारी देते हुए बताया कि 3 मई 2026, रविवार को शाम 3:30 बजे पथिक चौक स्थित विरुआवाड़ी मंदिर के गीता भवन हॉल में जिला स्तरीय भव्य “धर्म समागम” का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में बदायूं नगर सहित सभी तहसील क्षेत्रों के मंदिरों के पुजारी, महंत, विभिन्न मठों व दरबारों के संत और सेवादारों को आमंत्रित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में धर्म उत्थान, मंदिरों से जुड़ी समस्याओं और वर्तमान चुनौतियों पर खुलकर चर्चा की जाएगी। साथ ही सनातन धर्म पर हो रहे आक्रमणों का संगठित रूप से जवाब देने की रणनीति भी बनाई जाएगी।

कार्यकारिणी प्रमुख उपेंद्र उपाध्याय ने बताया कि संगठन द्वारा नगर के प्रत्येक वार्ड में “धर्म रक्षक” नियुक्त किए जाएंगे, जिससे मंदिरों से संबंधित किसी भी समस्या पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

वहीं प्रवक्ता सत्यनारायण गुप्ता ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मंदिरों और समाज के बीच बढ़ती दूरी को कम करना है, ताकि आपसी समन्वय से समस्याओं का समाधान निकाला जा सके।

बैठक में राकेश गुलाटी, डॉ. अमर सिंह, राकेश साहू, डॉ. सुशील गुप्ता, चंद्रदेव वर्मा, रचना शंखधार, मणि भदोरिया, दीपक रस्तोगी, नंद किशोर सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here