









बदायूं/हरदोई। गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के मौके पर बदायूं जनपद में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला। घटपुरी इंटरचेंज पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा सहित भाजपा के कई प्रमुख नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जहां एक्सप्रेसवे की खूबियों और इससे मिलने वाले लाभों पर चर्चा की गई।
इसके उद्घाटन का मुख्य कार्यक्रम हरदोई में आयोजित हुआ, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया और इसे जनता को समर्पित किया। यह उत्तर प्रदेश का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे है, जो मेरठ को प्रयागराज से जोड़ेगा और यात्रा समय को 11-12 घंटे से घटाकर लगभग 6 घंटे कर देगा।
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ दलों को उत्तर प्रदेश की प्रगति पसंद नहीं आ रही है और वे समाज को बांटने की राजनीति करते हैं। उन्होंने सपा और कांग्रेस पर नारी विरोधी होने का आरोप भी लगाया।
गंगा एक्सप्रेसवे 12 जिलों से होकर गुजरता है और कई आधुनिक सुविधाओं से लैस है। इसमें ट्रॉमा सेंटर, फूड कोर्ट, ठहरने की व्यवस्था, रंबल स्ट्रिप्स जैसी सुरक्षा सुविधाएं शामिल हैं। शाहजहांपुर के जलालाबाद के पास 3.5 किमी लंबी एयरस्ट्रिप भी बनाई गई है, जहां रात में फाइटर जेट्स की लैंडिंग संभव है।
इस एक्सप्रेसवे का बदायूं जनपद को भी बड़ा लाभ मिलने वाला है। यह बिसौली, बिल्सी और दातागंज तहसीलों से होकर गुजर रहा है, जिससे इन क्षेत्रों में शहरीकरण को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
विशेषज्ञों का मानना है कि गंगा एक्सप्रेसवे के शुरू होने से बदायूं की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और जिले का आर्थिक विकास तेज होगा।


























