
बदायूं। सीबीएसई 10वीं कक्षा के घोषित परीक्षा परिणाम में जनपद के मेधावी छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया है। इस वर्ष दिल्ली पब्लिक स्कूल के छात्र अंशुमान हरि गुप्ता ने 99.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है।
अंशुमान की इस शानदार उपलब्धि से परिवार और विद्यालय में खुशी का माहौल है। उनके माता-पिता ने उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बताया जा रहा है कि अंशुमान मंडल स्तर पर भी टॉपर हो सकते हैं, जिसको लेकर देर रात तक विद्यालय प्रशासन द्वारा अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा था।
टॉप-3 छात्र:
- प्रथम स्थान: अंशुमान हरि गुप्ता (99.40%) – दिल्ली पब्लिक स्कूल
- द्वितीय स्थान: दर्श प्रकाश गुप्ता (99.20%) – ब्लूमिंगडेल स्कूल
- तृतीय स्थान: विनायक वर्मा (98%) – दिल्ली पब्लिक स्कूल
डॉक्टर बनने का सपना:
अंशुमान हरि गुप्ता शहर के प्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आदित्य हरि गुप्ता के पुत्र हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपनी कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और माता-पिता के सहयोग को दिया।
अंशुमान ने बताया कि उनका सपना डॉक्टर बनना है। उनके दादा डॉ. आनंद हरि गुप्ता और पिता डॉ. आदित्य हरि गुप्ता भी शहर के फैमश बाल रोग चिकित्सक हैं, और वे भी अपनी परिवार की इसी परंपरा को आगे बढ़ाना चाहते हैं।
⚙️ इंजीनियर बनने का लक्ष्य:
दूसरे स्थान पर रहे दर्श प्रकाश गुप्ता, जो शहर के मेंथा कारोबारी प्रतीश गुप्ता के पुत्र हैं, इंजीनियर बनना चाहते हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अनुशासित पढ़ाई को देते हुए सोशल मीडिया के सीमित उपयोग की सलाह दी।
वहीं तीसरे स्थान पर रहे विनायक वर्मा, जो सर्राफा कारोबारी धीरेंद्र कुमार वर्मा के पुत्र हैं, उन्होंने भी इंजीनियर बनने का लक्ष्य रखा है।
जिले में खुशी का माहौल:
सीबीएसई परिणाम घोषित होते ही पूरे बदायूं जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालयों में छात्रों का सम्मान किया गया और शिक्षकों ने इस सफलता को अपनी मेहनत का परिणाम बताया।
बदायूं के छात्रों का यह शानदार प्रदर्शन यह साबित करता है कि जिले में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। सही मार्गदर्शन और मेहनत से विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।


























