बदायूं जनपद की बिल्सी तहसील में आज सोमवार को एक हृदय विदारक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बिल्सी–बदायूं मार्ग पर बैन भट्टे के पास ट्रक और बाइक की भीषण भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान बराएमय खेड़ा निवासी भूप सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि भूप सिंह अपने भाई राजेश के साथ बाइक से बिल्सी आ रहे थे। दोनों भाई अपनी शादी के लिए लड़की देखने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े।

सूचना मिलते ही डायल 112 और बिल्सी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल बिल्सी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने भूप सिंह को मृत घोषित कर दिया। घायल राजेश की हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, ट्रक चालक को भी चोटें आई हैं, जिसका इलाज बिल्सी सीएचसी में चल रहा है।

मृतक के भाई पूरन पुत्र मैकूलाल ने बताया कि परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां बदहवास हो गई, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

बिल्सी सीएचसी प्रभारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने पुष्टि करते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में बाइक सवार भूप सिंह की मौत हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here