शादी के लिए लड़की की गोद भराई को निकले थे दोनों भाई, एक ही हादसे ने उजाड़ दिया पूरा परिवार

बिल्सी।थाना बिल्सी क्षेत्र में सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बदायूं–बिजनौर मार्ग पर दोपहर 2 बजे के आसपास गांव सतेती के सामने ईंट भट्ठे के पास हुए इस भीषण हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। दोनों भाई शादी तय करने के लिए लड़की की गोद भराई करने बिल्सी जा रहे थे।

उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव बरायमय खेड़ा निवासी राजेश और भूप सिंह पुत्र मैकू लाल सोमवार दोपहर करीब दो बजे बाइक से बिल्सी की ओर निकले थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य कार से पीछे-पीछे चल रहे थे। इसी दौरान बिल्सी थाना क्षेत्र में सामने से आ रहे दूध के टैंकर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों भाई सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल 112 और थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल बिल्सी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भिजवाया गया। वहां चिकित्सकों ने भूप सिंह को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजेश को जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया।

हादसे की खबर मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। गुस्साए लोगों ने टैंकर चालक की पिटाई कर दी, जिससे वह भी घायल हो गया। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए चालक को हिरासत में लेकर उपचार के लिए भिजवाया और टैंकर को कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। एक ही दिन में दो जवान बेटों की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं, और पूरे गांव भर में शोक की लहर दौड़ गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here