



बिल्सी।थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक खेत में बनी कोठरी के भीतर चौकीदार का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। घटना बिल्सी थाना क्षेत्र के मुकईया गांव के पास की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
बिल्सी निवासी नरेश कुमार माहेश्वरी पुत्र राम प्रकाश माहेश्वरी ने बताया कि वह रोज की तरह गाय का दूध लेने अपने खेत में बनी कोठरी पर पहुंचे थे। अंदर से दरवाजा बंद था। जब उन्होंने दरवाज़े की दरार से झांककर देखा तो चौकीदार सुरेंद्र सिंह का शव जमीन पर खून से लथपथ पड़ा हुआ था। यह दृश्य देख वे घबरा गए और तत्काल बिल्सी थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बिल्सी पुलिस मय फोर्स मौके पर पहुंची और कोठरी को सील कर जांच-पड़ताल शुरू की। मृतक की पहचान मुजरिया थाना क्षेत्र के अलीगंज निवासी सुरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि सुरेंद्र सिंह पिछले करीब 20 वर्षों से बिल्सी में खेत की कोठरी पर चौकीदारी का कार्य कर रहे थे। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटनास्थल का निरीक्षण करने पुलिस क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
वहीं एसपी ग्रामीण डॉ. हिरदेश कठेरिया ने बताया कि बिल्सी नगर क्षेत्र के एक निजी फार्म हाउस में चौकीदार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।


























