




बदायूं के मीरा चौकी स्थित श्री राम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर विद्या की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती का प्राकट्य दिवस हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। इसी क्रम में वीर बालक हकीकत राय का बलिदान दिवस एवं महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस का जन्मदिन भी गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ हवन एवं यज्ञ पूजन से हुआ, जिसमें पीले मिष्ठान का भोग अर्पित कर मां सरस्वती की आराधना की गई। यज्ञ के मुख्य यजमान अलंकार रस्तोगी, पूजा रस्तोगी, सिद्धार्थ काश्यप, ओम प्रकाश वैश्य एवं प्रधानाचार्य कालिका प्रसाद गंगवार रहे, जबकि यज्ञकर्ता पं. बृजेश मिश्रा एवं प्रवेश मिश्रा ने वैदिक विधि-विधान से अनुष्ठान संपन्न कराया।
इस अवसर पर नवीन शिशुओं का पाटी पूजन कर विद्यारंभ संस्कार कराया गया, जिससे अभिभावकों एवं उपस्थितजनों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
प्रधानाचार्य कालिका प्रसाद गंगवार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस के देशप्रेम और वीर बालक हकीकत राय के धर्मरक्षा हेतु दिए गए बलिदान पर प्रकाश डाला।
बसंतोत्सव के अंतर्गत प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी अतिथियों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन अनुज सक्सेना ने किया तथा प्रधानाचार्य द्वारा आगंतुक अतिथियों का परिचय कराया गया।
इस अवसर पर तरन वैश्य, अनीता गुप्ता, राजकुमार सिंह सेंगर, कमलेश कुमार, अनुज पटेल, दिनेश कुमार शर्मा सहित समस्त आचार्य परिवार उपस्थित रहा।


























