


बरेली। नगर के नैनीताल मार्ग स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर माँ सरस्वती का प्रकट उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल हनुमान जी महाराज के सुंदरकांड पाठ से हुआ, जिसके उपरांत माँ शारदे के यज्ञ का आयोजन किया गया।
यज्ञ के यजमान सुनील कुमार सिंह सपत्नीक रहे, जबकि यज्ञ का संचालन आचार्य राजेश कुमार शर्मा द्वारा वैदिक विधि-विधान से संपन्न कराया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी भैया-बहनों ने यज्ञ में आहुति देकर माँ सरस्वती का पूजन किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत ढाई से तीन वर्ष आयु के छोटे भैया-बहनों का विद्यारंभ संस्कार एवं पाटी पूजन कराया गया, जिसमें माँ सरस्वती की आराधना कर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इस पावन आयोजन में विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, प्रबंधक दिनेश मलिक सहित पूरी प्रबंध समिति उपस्थित रही। यज्ञ उपरांत कुटुंब प्रबोधन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रबंध समिति एवं आचार्य परिवार ने सहभागिता निभाई।
व्यवस्थाओं में प्रशांत सिंह, संजीव उपाध्याय, सतीश शर्मा, रामेश्वर सिंह, आसाराम गंगवार, रामकिशोर श्रीवास्तव, ऋषभ मिश्रा, अलका नवीन, नीलम मिश्रा, वंशिका मिश्रा, प्रियंका यादव सहित समस्त आचार्य परिवार का सराहनीय सहयोग रहा।


























