बदायूं शहर के बिरबावाड़ी मंदिर परिसर में श्री श्री गौर-निताई जी का 39वां वर्षगांठ महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ भव्य रूप से मनाया गया। महोत्सव के अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगा रहा और पूरा वातावरण वैष्णव भक्ति से सराबोर नजर आया।










महोत्सव की शुरुआत दुग्ध अभिषेक से हुई, जिसमें श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान का अभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इसके पश्चात फूलों की होली खेली गई, जहां भजन-कीर्तन और “हरि बोल” के जयघोष के बीच भक्त आनंद में झूमते नजर आए। रंग-बिरंगे पुष्पों और संकीर्तन की मधुर ध्वनि ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।
इसके उपरांत भव्य दीप मंगल आरती का आयोजन किया गया। दीपों की आलोकित छटा और भक्तों की सामूहिक आराधना से मंदिर परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा। आरती के दौरान श्रद्धालुओं की सहभागिता देखते ही बनती थी।
आरती के पश्चात सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। महोत्सव में महिलाओं, युवाओं और बच्चों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही, जिससे आयोजन एक पारिवारिक और सामाजिक उत्सव का रूप ले सका।
इस सफल आयोजन में ट्रस्ट के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों की अहम भूमिका रही। प्रमुख रूप से महाराज श्री पंकज जी, अरुण, अनिल, श्याम, ऋषिराम, पवन, राकेश, अभिषेक, अजय, गौरांग, अक्षत, कृष्णा, हर्ष, अग्र, देवांश सहित अन्य सेवाभावी श्रद्धालु उपस्थित रहे।
समग्र रूप से श्री श्री गौर-निताई जी का यह 39वां वर्षगांठ महोत्सव बदायूं के धार्मिक जीवन में भक्ति, प्रेम और सामूहिक उल्लास की अमिट छाप छोड़ गया।


























