बदायूं पुलिस प्रशासन ने मंगलवार देर रात जिले में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 92 पुलिसकर्मियों के तबादले कर दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश सिंह द्वारा यह तबादला सूची पुलिस स्थापना बोर्ड की संस्तुति के आधार पर जारी की गई है। इस व्यापक कार्रवाई से जिले के लगभग सभी प्रमुख थानों और पुलिस इकाइयों में बदलाव किया गया है।

जारी सूची के अनुसार उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी, आरक्षी और कंप्यूटर ऑपरेटर स्तर के पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण किया गया है। सिविल लाइन, दातागंज, बिसौली, उझानी, इस्लामनगर, कुंवरगांव, अलापुर, हजरतपुर, मुजरिया, सहसवान, जरीफनगर, कादरचौक और वजीरगंज सहित कई थानों में नई तैनातियां की गई हैं।

लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे पुलिसकर्मियों को हटाकर उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, वहीं पुलिस लाइन से थानों और थानों से पुलिस लाइन में स्थानांतरण कर बल का संतुलन साधा गया है। आपातकालीन सेवाओं को और सुदृढ़ करने के लिए यूपी-112, जबकि तकनीकी व साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए साइबर सेल में अनुभवी कर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा स्वाट टीम, न्यायालय सुरक्षा और ई-ऑफिस सेल में भी फेरबदल किया गया है।

तबादला सूची में कुछ अहम नाम भी सामने आए हैं।
उपनिरीक्षक नीरज कुमार को शेखूपुर चौकी प्रभारी बनाया गया है।वहीं उपनिरीक्षक प्रमोद नेहवाल को मंडी चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि इन तबादलों का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को मजबूत करना, कार्यकुशलता बढ़ाना और निष्पक्ष व प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करना है। सभी संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए तैनाती स्थलों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here