होम राज्य उत्तर प्रदेश बिल्सी CHC में डिलीवरी के दौरान महिला और नवजात की मौत, रिश्वत...

बिल्सी CHC में डिलीवरी के दौरान महिला और नवजात की मौत, रिश्वत न देने पर लापरवाही का आरोप, अस्पताल में हंगामा

बिल्सी (बदायूं)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बिल्सी पर बुधवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब डिलीवरी के दौरान एक प्रसूता और उसके नवजात बच्चे की मौत हो गई। पीड़ित परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि रिश्वत न देने की वजह से लापरवाही बरती गई, जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ।

जानकारी के अनुसार ग्राम दिधोनी निवासी हरपाल अपनी 35 वर्षीय पत्नी कुसुम को बुधवार सुबह डिलीवरी के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि अस्पताल स्टाफ द्वारा डिलीवरी कराने के नाम पर ₹3000 की मांग की गई। परिजनों द्वारा रुपये न देने पर स्टाफ ने सही इलाज नहीं किया।

परिजनों का आरोप है कि लापरवाही के चलते डिलीवरी के दौरान मृत नवजात पैदा हुआ, इसके बाद प्रसूता को अत्यधिक ब्लीडिंग होने लगी। हालत बिगड़ने पर कुसुम की भी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया।

सूचना पर थाना प्रभारी मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हालात को संभालते हुए दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

वहीं इस मामले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी के प्रभारी चिकित्सक डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि डिलीवरी के दौरान बच्चा मृत पैदा हुआ था। महिला में खून की कमी थी, जिस कारण उसे हायर सेंटर रेफर किया गया था, लेकिन परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए। वहां सुधार न होने पर परिजन महिला को मृत अवस्था में वापस सरकारी अस्पताल ले आए। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और यदि कोई भी स्टाफ दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर लोगों में आक्रोश है और परिजन दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here