बिल्सी। शीतलहर और कड़ाके की ठंड के बीच जरूरतमंदों के लिए राहत का कार्य करते हुए गल्ला मंडी परिसर में एक सराहनीय पहल देखने को मिली। समाजसेवी एवं गल्ला कारोबारी मनोज जैन ने अपनी टीम के सहयोग से निर्धन एवं असहाय लोगों को ठंड से बचाव हेतु कंबलों का वितरण कर मानव सेवा की एक अनुकरणीय मिसाल पेश की।
आज दोपहर लगभग 1 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि नवनीत शाक्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उनके करकमलों से जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए। कंबल पाकर गरीब एवं असहाय लोगों के चेहरों पर राहत और संतोष साफ झलक रहा था।
इस अवसर पर समाजसेवी मनोज जैन ने कहा कि “मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म या सेवा कार्य नहीं होता। जरूरतमंदों की मदद करने से जो आत्मिक संतुष्टि मिलती है, वह शब्दों में बयान नहीं की जा सकती। समाज के समर्थ लोगों को आगे आकर ऐसे कार्यों में सहयोग करना चाहिए।” उन्होंने कहा कि आगे भी उनकी टीम इस प्रकार के सेवा कार्य लगातार करती रहेगी।
कार्यक्रम में पूर्व पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश सागर,सुधीर सोमानी, गौरव वार्ष्णेय, संजीव माहेश्वरी, प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार, लोकेश वार्ष्णेय, आदित्य माहेश्वरी सहित गल्ला मंडी के व्यापारी, समाजसेवी और नगर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने मनोज जैन द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की प्रशंसा की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मनोज जैन समय-समय पर सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेते रहते हैं, चाहे वह ठंड में कंबल वितरण हो या जरूरतमंदों की सहायता। उनका यह प्रयास न केवल जरूरतमंदों को राहत देता है, बल्कि समाज में आपसी सहयोग और मानवीय संवेदना को भी मजबूत करता है।


























