अलीगढ़। बारहसैनी (वार्ष्णेय) कॉलेज सोसाइटी अलीगढ़ के चुनाव की मतगणना सोमवार देर रात तक चली, जिसमें जबरदस्त रोमांच और कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। कड़ाके की ठंड के बीच दो दिनों तक चले इस चुनावी प्रक्रिया के बाद अध्यक्ष पद पर डॉ. उमाशंकर वार्ष्णेय, सचिव पद पर आकाशदीप वार्ष्णेय और कोषाध्यक्ष पद पर अनूप कुमार गुप्ता ने जीत दर्ज कर परचम लहराया।

अध्यक्ष (प्रधान) पद पर डॉ. उमाशंकर वार्ष्णेय को 1801 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी धीरेंद्र कुमार गुप्ता को 1152 मत मिले। इस प्रकार डॉ. उमाशंकर ने 896 मतों के बड़े अंतर से अध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज की।
वरिष्ठ उपप्रधान पद पर प्रज्ञा वार्ष्णेय ने 1779 मत प्राप्त कर विजय हासिल की, जबकि सीए सचिन आर्य 1085 मत पाकर दूसरे स्थान पर रहे। कनिष्ठ उपप्रधान पद पर अमोद कुमार महाश्य ने 1885 मत पाकर जीत दर्ज की।

सचिव पद पर मुकाबला भी दिलचस्प रहा। आकाशदीप वार्ष्णेय ने 1645 मत प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंद्वी सीए गौरव वार्ष्णेय को 425 मतों से पराजित किया।
वरिष्ठ संयुक्त सचिव पद पर संदीप कुमार धी (1769 मत) विजयी रहे, जबकि मुकेश वार्ष्णेय कातिब (1061 मत) दूसरे स्थान पर रहे।
कनिष्ठ संयुक्त सचिव पद पर धनेंद्र कुमार गुप्ता (1456 मत) विजेता घोषित किए गए, वहीं स्वाती गुप्ता (1369 मत) दूसरे स्थान पर रहीं।

कोषाध्यक्ष पद पर कांटे की टक्कर, 12 राउंड चली गिनती

चुनाव का सबसे रोमांचक मुकाबला कोषाध्यक्ष पद पर देखने को मिला। 12 राउंड तक चली मतगणना में प्रत्याशी आगे-पीछे होते रहे। अंतिम राउंड में अनूप कुमार गुप्ता ने 1440 मत प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंद्वी राजीव वार्ष्णेय (LIC) को 1427 मतों के साथ मात्र 13 मतों से पराजित किया। बेहद कम अंतर को देखते हुए राजीव वार्ष्णेय द्वारा रीकाउंटिंग की मांग की गई, जिस पर चुनाव अधिकारी ने विचार किए जाने की बात कही है। कनिष्ठ संयुक्त सचिव पद पर भी रीकाउंटिंग की मांग उठी है।

3005 मत पड़े, प्रदेश-देश से पहुंचे मतदाता

रविवार को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक हुए मतदान में अध्यक्ष, वरिष्ठ उपप्रधान, कनिष्ठ उपप्रधान, वरिष्ठ संयुक्त सचिव, कनिष्ठ संयुक्त सचिव, सचिव, कोषाध्यक्ष सहित कुल 7 पदाधिकारियों और 14 कार्यकारिणी सदस्य पदों के लिए 3005 मत पड़े।
मतदान में आगरा, हाथरस, चंदौसी, कासगंज, बदायूं, बिल्सी, मुरादाबाद, बुलंदशहर, एटा, बिसौली सहित अन्य जिलों के साथ-साथ दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद से भी वार्ष्णेय समाज के मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जीत

चुनाव में एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने कार्यकारिणी सदस्य पद पर जीत दर्ज की, जिनमें कपिल गुप्ता, शिखा राजाजी और अभिषेक गुप्ता जॉर्डन शामिल हैं। कपिल गुप्ता पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान पर रहे।

जीत के बाद जश्न, ढोल-नगाड़े और आतिशबाजी

नतीजों की घोषणा के बाद विजयी प्रत्याशियों और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस निकाला गया, विजेताओं को फूल-मालाएं पहनाई गईं और कंधों पर बैठाकर कॉलेज परिसर व प्रमुख चौराहों पर घुमाया गया। इस दौरान आतिशबाजी भी की गई।

चुनाव अधिकारी बी.पी. गुप्ता ने बताया कि चुनाव और मतगणना की पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण संपन्न हुई। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कोषाध्यक्ष और कनिष्ठ संयुक्त सचिव पद पर आई रीकाउंटिंग मांगों पर नियमानुसार विचार किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here