
बिल्सी। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर बाबा इंटरनेशनल स्कूल में “रन फॉर यूनिटी” रैली का भव्य आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ विधायक हरीश शाक्य, पुलिस क्षेत्राधिकारी संजीव कुमार, थाना प्रभारी मनोज कुमार एवं विद्यालय निदेशक अनुज वार्ष्णेय ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा और एकता के नारे लिखी तख्तियां लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे नगर में “एकता में शक्ति है, सरदार पटेल अमर रहें” के नारे लगाते हुए राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर अतिथियों ने सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने रियासतों को जोड़कर भारत की एकता को सशक्त किया।
विद्यालय निदेशक अनुज वार्ष्णेय ने युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया, जबकि प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में अनुशासन और देशभक्ति की भावना को बढ़ाते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित समस्त स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित रहे।


























