
बिल्सी। नगर के बाबा इंटरनेशनल स्कूल में शुक्रवार को “कुकिंग विदआउट फायर” प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों ने आग का उपयोग किए बिना स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजन तैयार कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को स्वस्थ, सुरक्षित और रचनात्मक पाक कला के प्रति प्रेरित करना था। विद्यार्थियों ने फ्रूट सलाद, भेलपुरी, मिल्कशेक, सैंडविच, चॉकलेट कुकीज, और दही भल्ले जैसे व्यंजन बनाकर सभी का मन मोह लिया।
प्रतियोगिता में दिव्यता गोयल, आराध्य आर्या, अंशिका रत्नाकर, कृतिका श्रीवास्तव, मयंक यादव, आदित्य और सौम्या माहेश्वरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय निदेशक अनुज वार्ष्णेय एवं निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अग्निरहित पाक कला से समय और ऊर्जा दोनों की बचत होती है और यह स्वास्थ्यवर्धक भी है।
प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने बच्चों द्वारा बनाए गए व्यंजनों का मूल्यांकन किया और उन्हें नियमित रूप से पौष्टिक, बिना आग के पकने वाले खाद्य पदार्थों को आहार में शामिल करने की सलाह दी।
इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी, निर्णायक तुषा वार्ष्णेय एवं साजिद रजा सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।


























