
बिल्सी। नगर के बीचोंबीच स्थित नगर पालिका अध्यक्ष के आवास में बुद्धवार की शाम उस समय हड़कंप मच गया जब तीन युवक चोरी के इरादे से घर में घुस गए। घटना ने पूरे कस्बे में सनसनी फैला दी है और लोगों में भय का माहौल है, क्योंकि वारदात नगर के मुख्य बाजार और अत्यंत सुरक्षित और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में हुई है।
जानकारी के अनुसार, घटना बुद्धवार शाम करीब 4 बजे की है। उस समय नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सागर का पूरा परिवार निजी कार्यों से बरेली गया हुआ था, जबकि अध्यक्ष पति ओमप्रकाश सागर घर पर अकेले मौजूद थे। उसी दौरान तीन युवक पड़ोस के मकान के जीने से चढ़कर घर में दाखिल हो गए।
ओमप्रकाश सागर ने बताया कि उन्हें घर के भीतर कुछ हलचल की आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने जाकर देखा तो तीन युवक अंदर घुसे हुए थे। शोर मचाने से पहले ही उन्होंने साहस दिखाते हुए एक युवक को मौके पर ही दबोच लिया, जिसके पास से एक तमंचा बरामद हुआ।
उन्होंने बताया कि पकड़ा गया युवक पड़ोस का ही रहने वाला है, बकौल अध्यक्ष के पति के अनुसार तीनों युवकों ने घर की रेकी कर बड़ी वारदात की योजना बनाई होगी। ओमप्रकाश सागर ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बिल्सी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुँची और पकड़े गए युवक को हिरासत में ले लिया।
पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर एक अन्य युवक को भी पुलिस ने हिरासत में लिया, जबकि तीसरा युवक मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस ने तमंचा कब्जे में लेकर पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ के बाद पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा। प्रथम दृष्टया यह वारदात संपत्ति की चोरी और संभावित हथियारबंद लूट की साजिश से जुड़ी प्रतीत होती है।
नगर के बीचोंबीच हुई इस घटना से लोगों में भय और आक्रोश दोनों व्याप्त हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह वारदात सफल हो जाती, तो यह एक बड़ी घटना हो सकती थी।
घटना के बाद से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग जोर पकड़ रही है। नगरवासी अब नगर पालिका अध्यक्ष के घर में हुई इस वारदात को लेकर यह सवाल उठा रहे हैं कि जब नगर प्रमुख का घर सुरक्षित नहीं, तो आम नागरिक कैसे सुरक्षित रह सकते हैं


























