

बिल्सी। नगर के प्रतिष्ठित ईंट भट्टा कारोबारी रजनीकांत अग्रवाल के भट्टे पर बुधवार को गोवर्धन पूजा के अवसर पर आयोजित 21वां अन्नकूट वितरण कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 4 बजे भगवान गोवर्धन की पूजा-अर्चना और प्रसादी के भोग लगाकर किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं, नगरवासियों और अतिथियों के लिए अन्नकूट प्रसादी का वितरण शुरू हुआ।
कार्यक्रम में बिल्सी विधायक हरीश शाक्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजक परिवार को इस धार्मिक परंपरा को लगातार निभाने के लिए शुभकामनाएँ दीं। इस दौरान भट्टा कारोबारी राहुल वार्ष्णेय, उपेंद्र राठी, मोहित गुप्ता, अजय प्रताप सिंह, आदित्य माहेश्वरी सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक, व्यापारी, पार्टी कार्यकर्ता, पत्रकार और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
अन्नकूट में भोग के रूप में कचौड़ी, सब्जी, पूड़ी और अन्य प्रसादी वितरित की गई, जिसका सभी ने आनंद लिया।
भट्टा स्वामी रजनीकांत अग्रवाल ने बताया कि उनके परिवार द्वारा पिछले 21 वर्षों से गोवर्धन पूजा पर अन्नकूट वितरण की परंपरा निरंतर निभाई जा रही है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन समाज में एकता और सेवा भाव का प्रतीक है, और आगे भी यह परंपरा इसी श्रद्धा और समर्पण के साथ जारी रहेगी।


























