बिल्सी (बदायूं)। दिवाली की खुशियाँ बिल्सी के एक व्यापारी के लिए मातम में बदल गईं, जब आतिशबाज़ी की एक चिंगारी ने उसकी दिनरात की कड़ी मेहनत से बनाई गई रेडीमेड कपड़ों की दुकान को चपेट में ले लिया। घटना सोमवार की रात लगभग 9 बजे की है, जब मुख्य बाजार में स्थित दुकान में अचानक आग लग गई।

जानकारी के अनुसार, उत्तम देवल पुत्र नीरज देवल की मुख्य बाजार में प्रथमा ग्रामीण बैंक के सामने रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। दिवाली की शाम लगभग 7 बजे वह दुकान बंद कर पास की दूसरी दुकान पर हवन-पूजन करने गया था। तभी रात करीब 9 बजे आसपास के दुकानदारों ने उसकी दुकान से धुआं उठता देखा और तत्काल सूचना दी।

उत्तम देवल जब मौके पर पहुँचा, तब तक दुकान में रखे लाखों रुपये के रेडीमेड कपड़े और फर्नीचर पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे। अनुमान है कि आग से करीब चार लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फड़ पर बनाई गई यह अस्थायी दुकान टिन शेड और तिरपाल से ढकी हुई थी। आशंका है कि किसी पटाखे की चिंगारी उड़कर तिरपाल में जा गिरी, जिसने आग पकड़ ली और देखते ही देखते पूरी दुकान जलने लगी।

गौरतलब है कि बिल्सी के मुख्य बाजार में कई दुकानदारों ने अपने पक्के प्रतिष्ठानों के आगे बने फड़ को किराये पर उक्त दुकानदारों को दे रखे हैं, जो तिरपाल और टिन शेड से ढककर अस्थायी दुकानों के रूप में कारोबार करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की दुकानें आग लगने की दृष्टि से बेहद खतरनाक हैं,

लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार क्षेत्र में बनी अस्थायी दुकानों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस रणनीति बनाई जाये ताकि भविष्य में फिर किसी व्यापारी परिवार की दीपावली की खुशियाँ मातम मे न बदलें,

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here