









बदायूं। नगर के प्रतिष्ठित लॉर्ड कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को दीपों की उजास और उल्लासपूर्ण माहौल के बीच ‘रोशनी दीपोत्सव 2.0’ का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर दीपों, झालरों और रंगोली की रंगीन सजावट से जगमगा उठा। चारों ओर उत्सव का अद्भुत नजारा था — कहीं बच्चों की कलात्मक रचनाएँ तो कहीं पारंपरिक परिधानों में सजे नन्हे कलाकार, जिन्होंने दीपोत्सव को जीवन्त कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व विधायक श्री धर्मेन्द्र शाक्य ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस दौरान मंच पर अपर जिला जज श्रीमती पूनम सिंघल, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. लालजी यादव, डॉ. अभिषेक गुप्ता, भाजपा नेत्री श्रीमती सलोनी पाठक, तथा पूर्व चेयरमैन नगर पंचायत उसहैत गौरव गुप्ता (गोल्डी गुप्ता) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंटकर किया गया।
दीपोत्सव कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। गणेश वंदना, रामायण चित्रण, राज्याभिषेक दृश्य, गरबा, दीपोत्सव नृत्य, रेट्रो डांस और वेस्टर्न फ्यूजन जैसी रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा ‘नव शक्ति नृत्य’, जिसे विद्यालय की माताओं ने प्रस्तुत किया — इसमें नारी शक्ति, संस्कृति और आस्था का सुंदर संगम झलका।
संस्थापक श्री वेदव्रत त्रिवेदी ने कहा, “दीपोत्सव केवल उत्सव नहीं, बल्कि यह अंधकार से प्रकाश, नकारात्मकता से सकारात्मकता की ओर बढ़ने का प्रतीक है। हमारा उद्देश्य है कि बच्चे शिक्षा के साथ भारतीय संस्कारों और परंपराओं से भी जुड़ें।”
सह-संस्थापक श्री तेजस्व त्रिवेदी ने कहा, “ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामाजिक जागरूकता को प्रोत्साहित करते हैं।”
प्रधानाचार्य श्री दीपक त्यागी ने कहा, “विद्यालय परिवार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु समर्पित है। दीपोत्सव जैसे आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति और मूल्यों से जोड़े रखते हैं।”
कार्यक्रम के अंत में रावण दहन, लकी ड्रॉ और दीप प्रज्ज्वलन ने माहौल को और अधिक रोमांचक बना दिया। पूरा परिसर दीपों की रौशनी से नहा उठा और वातावरण में भारतीय संस्कृति, एकता और उत्सव की भावना गूंजने लगी।
इस अवसर पर संस्थापक श्री वेदव्रत त्रिवेदी, सह-संस्थापक श्री तेजस्व त्रिवेदी, निदेशिका श्रीमती छवि शर्मा एवं श्रीमती रीता शर्मा, शैक्षिक निदेशक श्री देवव्रत त्रिवेदी, डॉ. तरुण त्रिवेदी सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा। सभी ने अतिथियों का स्वागत किया और विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाया।


























