बिल्सी। केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) स्लैब में किए गए महत्वपूर्ण बदलावों को लेकर सोमवार देर शाम बिल्सी में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन थाना मोड़ स्थित व्यापारी नेता अमित वार्ष्णेय के प्रतिष्ठान पर किया गया, जिसकी अध्यक्षता भाजपा विधायक हरीश शाक्य ने की।
बैठक में विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जीएसटी दरों में बड़ा सुधार करते हुए मध्यम वर्गीय परिवारों को सीधा आर्थिक लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने बताया कि नई जीएसटी स्लैब व्यवस्था से प्रत्येक परिवार को लगभग ₹20,000 वार्षिक की बचत होगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य किसानों, युवाओं, छोटे व्यापारियों और मध्यम वर्ग के परिवारों को राहत प्रदान करना है। जीएसटी में कमी से छोटे व्यवसायियों और खुदरा दुकानदारों को भी प्रत्यक्ष लाभ होगा, जिससे बाजार में खरीद-बिक्री की रफ्तार और तेज़ होगी।
विधायक ने इस अवसर पर सभी व्यापारियों से 7 अक्टूबर (मंगलवार) को उझानी के भगवान दास पैलेस में आयोजित “जीएसटी जन जागरण अभियान” में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों को नई टैक्स व्यवस्था की जानकारी देना और सरकार की नीतियों को जनता तक पहुँचाना है।
बैठक में नगर के वरिष्ठ व्यापारी और भाजपा पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से सुधीर सोमानी, दीपक चौहान, राकेश माहेश्वरी, आदित्य माहेश्वरी, ओम प्रकाश सागर, मनोज वार्ष्णेय, चंद्रशेखर वार्ष्णेय, सुबीन महेश्वरी, सुमित वार्ष्णेय, गगन राठी, लव कुमार वार्ष्णेय, संजीव वार्ष्णेय, गोपाल वार्ष्णेय, सुभाष बाहेती, सुरेश गुप्ता और मोहित गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यापारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान उपस्थित व्यापारियों ने विधायक हरीश शाक्य का फूलमालाओं से स्वागत किया और सरकार की जनहितैषी नीतियों की सराहना की।


























