होम राज्य उत्तर प्रदेश विद्यालयों के मर्जर के खिलाफ दातागंज में फूटा जनाक्रोश, शिक्षक, अभिभावक और...

विद्यालयों के मर्जर के खिलाफ दातागंज में फूटा जनाक्रोश, शिक्षक, अभिभावक और ग्राम प्रधान हुए एकजुट,

“शासनादेश वापस न होने तक संघर्ष जारी रहेगा” – जिला मंत्री उदयवीर सिंह यादव

बदायूं/दातागंज, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जारी विद्यालय युग्मन (मर्जर) और समायोजन नीति के विरोध में अब दातागंज तहसील में भी जन आक्रोश मुखर होने लगा है। शुक्रवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकों, अभिभावकों, ग्राम प्रधानों और भोजन माताओं ने एकजुट होकर विधायक कार्यालय, दातागंज का घेराव किया और मर्जर नीति के विरोध में जोरदार प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

गौरतलब है कि प्राथमिक विद्यालयों की घटती छात्रसंख्या के आधार पर किए जा रहे स्कूलों के विलय और प्रधानाध्यापक विहीन करने की प्रक्रिया से शिक्षकों, छात्रों और ग्रामीणों में जबरदस्त रोष है।

प्रदेशव्यापी आंदोलन का हिस्सा बनी दातागंज की यह बड़ी आवाज

प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर 3 और 4 जुलाई को पूरे प्रदेश में आंदोलनात्मक कार्यक्रम तय किए गए, जिसके तहत जनपद बदायूं की दातागंज तहसील में भी आज भारी संख्या में शिक्षक, प्रधान, माताएं और अभिभावक इकट्ठा हुए।

जिलाध्यक्ष संजीव शर्मा के मार्गदर्शन में, जिला मंत्री उदयवीर सिंह यादव के नेतृत्व में तथा तहसील प्रभारी अनुराग यादव के संचालन में चार विकास क्षेत्रोंदातागंज, म्याऊं, समरेर और उसावां से आए ब्लॉक पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने दातागंज विधायक श्री राजीव कुमार सिंह उर्फ बब्बू भैया को ज्ञापन सौंपा।

विधायक ने दिया समर्थन, ज्ञापन मुख्यमंत्री को भेजने का दिया आश्वासन

विधायक राजीव कुमार सिंह ने प्रदर्शनकारियों की बातों को पूरी गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि “आपके द्वारा प्रस्तुत ज्ञापन को तत्काल माननीय मुख्यमंत्री जी तक पहुंचाया जाएगा तथा शिक्षक संघ की मांगों को सक्षम मंच पर प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।”

जिला मंत्री उदयवीर सिंह ने कहा – “यह संघर्ष छात्रों और शिक्षा के भविष्य का है”

जिला मंत्री उदयवीर सिंह यादव ने स्पष्ट कहा कि “शासन द्वारा जारी यह व्यवस्था न केवल विद्यालयों की स्वायत्तता को नुकसान पहुंचा रही है, बल्कि इससे ग्रामीण छात्रों को दूरस्थ स्कूलों में पढ़ने को मजबूर होना पड़ेगा। यह शिक्षा को हाशिए पर ले जाने की साजिश है और जब तक यह आदेश वापस नहीं होता, हमारा संघर्ष जारी रहेगा।”

भारी भागीदारी बनी आंदोलन की ताकत

इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शिक्षकगण, ग्राम प्रधान, अभिभावक और संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। इनमें प्रमुख रूप से —

  • तहसील प्रभारी – अनुराग यादव
  • ब्लॉक अध्यक्ष – राजेश कुमार (दातागंज), संजय यादव (समरेर), रामसेवक वर्मा (उसावां)
  • ब्लॉक मंत्री – माधव सिंह, गुरुचरण सिंह, अरविंद यादव
  • कोषाध्यक्ष – अराफात खान, श्रीकृष्ण गुप्ता, सुरेश पाल सिंह, योगेश शाक्य
  • संघर्ष समिति अध्यक्ष – अजीत सिंह
  • अन्य प्रमुख सहयोगी – अक्षय गुप्ता, प्रभात कुमार, विजय कौशिक, मनोज तोमर

इसके अतिरिक्त चारों विकास क्षेत्रों के सैकड़ों अध्यापकगण, ग्राम प्रधान, भोजन माताएं और अभिभावक उपस्थित रहे, जिन्होंने मर्जर नीति को शिक्षा विरोधी करार दिया।

आवाज बुलंद, संघर्ष जारी

उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने यह स्पष्ट कर दिया है कि यदि शासन ने मर्जर नीति वापस नहीं ली, तो यह आंदोलन और तेज होगा और अगली रणनीति में जनपद मुख्यालय एवं राजधानी लखनऊ तक विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here