बिल्सी (बदायूं), 25 जून:
114-बिल्सी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक हरीश शाक्य का आज बुधवार को 49वां जन्मदिवस है। इस अवसर को विशेष रूप से मनाने के लिए नगर क्षेत्र में कई धार्मिक एवं सेवा मूलक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई है। भाजपा कार्यकर्ताओं व समर्थकों में जन्मदिवस को लेकर उत्साह का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जन्मदिवस पर आज शाम 6:00 बजे, कछला स्थित मां भागीरथी गंगा घाट पर एक भव्य एवं दिव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं व आगंतुकों के लिए विशाल भंडारे की भी व्यवस्था की जाएगी।
इसी क्रम में आज बुधवार दोपहर 12:00 बजे, नगर पालिका परिषद बिल्सी के सभासदों द्वारा संचालित मां अन्नपूर्णा रसोई पर एक विशेष नर सेवा एवं नारायण सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान निर्धनों व जरूरतमंदों को निशुल्क भोजन वितरित किया जाएगा।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने बताया कि विधायक हरीश शाक्य के जन्मदिवस पर नगर के विभिन्न स्थानों पर सेवा कार्य, फल वितरण, पौधरोपण, आदि कार्यक्रमों की भी योजना बनाई गई है, जिन्हें पार्टी के स्थानीय पदाधिकारी व युवा समर्थक संचालित करेंगे।
विधायक के जन्मदिन को लेकर नगर में जगह-जगह बधाई संदेशों वाले होर्डिंग्स, पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं। सोशल मीडिया पर भी समर्थकों और शुभचिंतकों द्वारा उन्हें जन्मदिन की बधाई देने का सिलसिला लगातार जारी है।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि यह दिन केवल उत्सव का नहीं बल्कि सेवा और सामाजिक समर्पण का प्रतीक होगा। कार्यक्रमों के माध्यम से विधायक की जनसेवा की भावना को जनमानस के बीच पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।


























