उझानी/बिल्सी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व संघ चालक, वरिष्ठ समाजसेवी और प्रख्यात दंत चिकित्सक डॉ. ब्रजेंद्र वार्ष्णेय उर्फ ब्रजकेसरी का बुधवार दोपहर एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। हादसे की खबर मिलते ही उझानी और बिल्सी दोनों नगरों में शोक की लहर दौड़ गई।

डॉ. केसरी (उम्र 72 वर्ष) मूल रूप से बिल्सी के रहने वाले थे, लम्बे अर्से से उझानी आकर बस गए, यहाँ नगर में मुख्य बाजार स्थित अपने दंत चिकित्सालय के माध्यम से लोगों की सेवा कर रहे थे। वे आरएसएस से लंबे समय से जुड़े हुए थे साथ ही नगर में तमाम सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाते रहे।

नाती को लेने जा रहे थे स्कूल, बाईपास पर हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 1:00 बजे वे APS इंटरनेशनल स्कूल से अपने नाती को लेने स्कूटी से निकले थे। जैसे ही वे उझानी बाईपास के निकट पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि डॉ. केसरी गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस और परिजनों ने उन्हें तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

समाज सेवा में था अहम योगदान, कई संस्थाओं से जुड़े थे

डॉ. केसरी की छवि एक समर्पित चिकित्सक और कर्मठ समाजसेवी की रही है। वे उझानी की कई सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं से सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे। संघ में रहते हुए उन्होंने संघ के विचारों के प्रचार-प्रसार और संगठन को मज़बूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

परिवार में चिकित्सा सेवा की परंपरा

उनके परिवार के कई सदस्य चिकित्सा क्षेत्र में कार्यरत हैं—

  • बड़े पुत्र डॉ. वागीश वार्ष्णेय, जिला अस्पताल बदायूं में तैनात हैं।
  • पुत्रवधू डॉ. रुचि गुप्ता, महिला चिकित्सालय बदायूं में सेवाएं दे रही हैं।
  • छोटे पुत्र डॉ. प्रशांत वार्ष्णेय और उनकी पत्नी उझानी में निजी डेंटल क्लिनिक संचालित कर रहे हैं।

नगरवासियों ने दी श्रद्धांजलि, अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब

उनके निधन की खबर सुनते ही उझानी और बिल्सी के चिकित्सक समुदाय, आरएसएस कार्यकर्ता, व्यापारी वर्ग और आम नागरिक उनके आवास पर अंतिम दर्शन को पहुंचने लगे। नगर के प्रमुख जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और चिकित्सकों ने गहरा शोक जताया है।

बिल्सी मे दी गई श्रद्धांजलि

उझानी नगर के प्रख्यात दंत चिकित्सक डॉक्टर बृजेंद्र वार्ष्णेय की आज सड़क दुर्घटना में निधन का समाचार सुनते ही नगर में शोक की लहर दौड़ गई नगर के अनेक समाज सेवी संगठनों ने शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है नगर के वार्ष्णेय समाज के अक्रूर जी सेवा समिति के सदस्यों सहित विधायक हरीश शाक्य डॉक्टर उमेंद्र गुप्ता नवरत्न वार्ष्णेय सुरेश बाबू वार्ष्णेय लोकेश वार्ष्णेय सुधीर महेश्वरी एडवोकेट दिनेश वार्ष्णेय अरविंद वार्ष्णेय लव कुश वार्ष्णेय दिनेश वार्ष्णेय (डीडी) वरिष्ठ पत्रकार ललित वार्ष्णेय दिनेश वार्ष्णेय “हनी” सुधीर सोमानी मोहित गुप्ता, रंजीत वार्ष्णेय ‘सिक्की’ सहित तमाम लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है,

डॉ. ब्रजकेसरी के निधन से न सिर्फ एक परिवार ने अपने अभिभावक को खोया है, बल्कि उझानी-बिल्सी क्षेत्र ने एक समर्पित चिकित्सक और समाजसेवी को खो दिया है।स्वदेश केसरी परिवार भी पुण्यत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति और परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here