बदायूं। शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा उस समय होते-होते टल गया जब बरेली से बदायूं की ओर आ रही एक कार को ग्लोबल सिटी से लगभग 200 मीटर आगे किसी अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर के चलते कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और चार से पांच बार पलट गई।

हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए, लेकिन गनीमत रही कि कार में लगे एयरबैग खुल गए, जिससे कार सवारों की जान बच गई। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार यदि एयरबैग समय पर न खुलते तो बड़ा हादसा हो सकता था।

सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई और घायलों का हालचाल लिया। पुलिस ने तत्काल राहत कार्य शुरू कराया और क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार डॉक्टर कमल की बताई जा रही है, जिसका नंबर UP25 BY 9395 है। पुलिस के अनुसार कार में उस समय चालक के अलावा दो अन्य सवारियां भी मौजूद थीं। सभी लोग बरेली से बदायूं की ओर आ रहे थे।

घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है, जिसकी टक्कर से यह भीषण दुर्घटना हुई। फिलहाल सभी कार सवार सुरक्षित हैं और उन्हें किसी तरह की गंभीर चोट नहीं आई है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि पूरी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटनास्थल पर जमा भीड़ ने भी पुलिस से मांग की कि हाईवे पर वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग को लेकर सख्ती बरती जाए ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को टाला जा सके।

पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान कर जल्द से जल्द उसे पकड़ा जा सके।

– संवाददाता, स्वदेश केसरी न्यूज, बदायूं

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here