बिल्सी। थाना क्षेत्र के गांव गुधनी खौँसारा में गुरुवार रात करीब 8 बजे एक युवक पर धारदार हथियारों से हमला कर मारपीट और लूटपाट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पीड़ित को गंभीर हालत में जिला अस्पताल बदायूं में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से स्थानीय लोगों में आक्रोश है और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
तहरीर के आधार पर घटना का विवरण

गांव गुधनी खौँसारा निवासी योगेश शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार रात करीब 8 बजे उसके ससुर कौशल, कुंवरपाल, विशाल, विवेक, छोटू, प्रेमवती, आकाश उर्फ भूरा और भूदेव सहित अन्य आरोपियों ने घर में घुसकर धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया। आरोपियों ने घर से 2 लाख रुपये नकद, सोने के जेवर और चांदी की अन्य कीमती चीजें लूट लीं। वारदात के बाद हमलावर योगेश को मरा समझकर मौके से फरार हो गए।
घटना के वक्त योगेश घर में अकेला था, उसका कोई भाई मौजूद नहीं था। गंभीर रूप से घायल योगेश को स्थानीय लोगों ने जिला अस्पताल बदायूं में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज़ चल रहा है।
पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


























