होम राज्य उत्तर प्रदेश कोरोना रिटर्न, लोग रहें अलर्ट, भोपाल-इंदौर में नाइट कर्फ्यू,अहमदाबाद में जिम, स्पोर्ट्स...

कोरोना रिटर्न, लोग रहें अलर्ट, भोपाल-इंदौर में नाइट कर्फ्यू,अहमदाबाद में जिम, स्पोर्ट्स क्लब बंद तो, UP में धारा 144 लागू,कोरोना पर PM मोदी की चेतावनी के बाद योगी ऐक्टिव, यूपी में नई गाइडलाइंस,

हाइलाइट्स:

  • भारत में कोरोना फिर बेकाबू, 3 महीने बाद इतने ज्यादा केस
  • महाराष्ट्र समेत दूसरे राज्यों में कोरोना के बढ़ते संक्रमण पर यूपी सतर्क
  • पीएम मोदी की कोरोना को लेकर चेतावनी के बाद एक्टिव हुए सीएम योगी
  • कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए यूपी सरकार ने नई गाइडलाइंस जारी की

नई दिल्ली: देश में एक बार फिर से कोरोना वायरस तेजी से अपने पैर पसारता दिखाई दे रहा है. देशभर में कोरोना के बढ़ते मामले और पीएम मोदी की अपील के बाद कई राज्यों ने एक बार फिर से प्रतिबंध लगाना शुरू कर दिया है. इसी के साथ कोरोना की वजह से अहमदाबाद में आज से जिम, स्पोर्ट्स क्लब, गेमिंग जोन एक बार फिर से बंद करने का फैसला ले लिया गया है.तो वहीं, उत्तर प्रदेश और सबसे पास नोएडा औक गाजियाबाद में 30 अप्रैल तक धारा 144 लागू कर दी गई है.

महाराष्ट्र समेत दूसरे राज्यों में कोरोना के बढ़ते संक्रमण और पीएम मोदी की चेतावनी के बाद यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ एक्टिव हो गए हैं। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए यूपी की योगी सरकार ने बुधवार शाम नई गाइडलाइंस जारी कर दी। इसमें राज्य के सभी जिलाधिकारियों, मंडलायुक्तों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा गया है कि कोरोना महामारी से अधिक प्रभावित होने वाले राज्यों से यूपी में प्रवेश करने वाले यात्रियों की रेलवे और एयरपोर्ट पर टेस्टिंग की व्यवस्था की जाए। साथ ही टेस्टिंग में लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई है।

मुख्य सचिव ने आदेश में सभी जिलों के जिलाधिकारियों, मंडलायुक्तों और स्वास्थ्य विभाग को निर्देश देते हुए कहा है कि कोरोना संक्रमण से सर्वाधिक प्रभावित राज्यों से हवाई या रेलयात्रा के माध्यम से यूपी में प्रवेश करने वाले सभी यात्रियों की रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट पर एंटीजन जांच की व्यवस्था कराई जाए। उस दौरान किसी भी यात्री में लक्षण पाए जाने पर आरटीपीसीआर की जांच के लिए नमूने को प्रयोगशाला में भेजा जाए।

कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग पर जोर
यूपी सरकार की ओर से सभी आलाधिकारियों को निर्देश करते हुए कहा गया है कि रेलवे स्टेशन पर आने वाले सभी यात्रियों की सघन जांच कराई जाए, कोरोना संक्रमण के लक्षण पाए जाने पर यात्रियों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग कराई जाए। इतना ही नहीं, सरकार की ओर से सभी जिलों के उच्चाधिकारियों को रेलवे से यात्रियों की सूची तैयार कर सर्विलांस की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही यूपी सरकार की ओर से यह भी कहा गया है कि प्रदेश के जिन रेलवे स्टेशनों पर लंबी दूरी तय करके अथवा अन्य राज्यों से आने वाली रेलगाड़ियों आकर रुकती हैं वहां, 24 घंटे तक कोविड जांच की व्यवस्था कराई जाए। इसके लिए उचित संख्या में जांच कर्मचारियों को तैनात किया जाए।

दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों की फ्रंट लाइन वर्कर्स से लें जानकारी
दस्तक अभियान के तहत घर-घर भ्रमण करने वाले फ्रंट लाइन वर्कर्स से हाल ही में दूसरे राज्यों से आने वाले यात्रियों की पूरी जानकारी लेने के लिए सभी जिलों के जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। इसे साथ ही यह भी कहा गया है कि संक्रमण के रोकथाम के लिए नगरों में मोहल्ला निगरानी समिति व ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम निगरानी समिति का गठन करते हुए नियमित रूप से कोविड जांच कराई जाए।

भारत में कोरोना केस की बढ़ती रफ्तार को अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 102 दिनों के बाद बीते बुधवार को कोरोना के सबसे ज्यादा 35,886 केस सामने आए हैं. कोरोना से एक बार फिर सबसे ज्‍यादा महाराष्‍ट्र प्रभावित दिखाई दे रहा है.खबरों की मानें तो महाराष्ट्र में हर दिन कोरोना का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है. पिछले एक दिन में रिकॉर्ड 23,179 नए मामले सामने आए हैं. देश में कोरोना की दूसरी लहर को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को एक बार फिर सभी राज्‍यों के मुख्‍यमंत्रियों के साथ बैठक की. बैठक में पीएम ने सभी राज्‍यों से कोरोना की रोकथाम के लिए सभी जरूरी कदम उठाने की अपील की.

महाराष्ट्र में 17 सितंबर को 24,619 कोरोना केस देखने को मिले थे. पिछले दिनों बढ़े कोरोना केस के बाद राज्‍य में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्‍या 23,70,507 हो गई है. लेकिन, अब उन राज्यों में भी तेजी के साथ नए मामले देखने को मिल रहे हैं जहां पर अभी तक कम मामले थे. इसी बीच 1,274 लोग रिकवर हुए और 35 लोगों की महामारी की वजह से मौत हो गई है.

पंजाब के अलावा गुजरात, कर्नाटक और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी नए मामलों की संख्या बढ़ी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह राज्य गुजरात से आज 1122 नए कोरोना मामले सामने आए हैं. 775 लोग रिकवर हुए हैं और तीन लोगों की कोरोना की वजह से मौत हो गई है. गुजरात के अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा और राजकोट में नाइट कर्फ्यू 2 घंटों के लिए बढ़ाया गया है.

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में अब तक 1 करोड़ 10 लाख 63 हजार 25 लोग रिकवर हो चुके हैं, जबकि इस समय 2 लाख 52 हजार 364 एक्टिव केस हैं. पिछले 24 घंटे में हुई मौतों के बाद देश में मृतकों की संख्या बढ़कर अब 1 लाख 59 हजार 216 हो गई है. आईसीएमआर के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटे के अंदर 10,63,379 कोरोना जांच की गई है.आपको बता दें कि महाराष्‍ट्र के अलावा 17 राज्‍यों में एक बार फिर से कोरोना के मामले बढ़ते देखे जा रहे हैं. इन राज्‍यों में पंजाब भी सबसे ज्‍यादा प्रभावित दिखाई दे रहा है. बीते बुधवार को कई राज्‍यों में ये आंकड़ा तेजी से बढ़ता दिखाई दिया. इसी के साथ दिल्ली में 6 जनवरी के बाद 536, पंजाब में 23 सितंबर के बाद बुधवार को 2,039, तमिलनाडु में 29 दिसंबर के बाद 945, मध्य प्रदेश में 31 दिसंबर के बाद 832, कर्नाटक में 9 दिसंबर के बाद 1,275, गुजरात में 16 दिसंबर के बाद 1,122, छत्तीसगढ़ में 9 जनवरी के बाद 887, हरियाणा में 20 दिसंबर के बाद 555, राजस्थान में 13 जनवरी के बाद 313 और पश्चिम बंगाल में 24 जनवरी के बाद 303 केस सामने आए हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here