
IIT गुवाहाटी का एक स्टूडेंट अपने हॉस्टल में मृत मिला है। पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई है। वहीं परिजन ने रैगिंग के बाद हत्या का आरोप लगाया है। मृतक बिहार के समस्तीपुर जिले में मोहनपुर गांव का रहने वाला था। 20 वर्षीय बीटेक फर्स्ट ईयर का छात्र सौरभ, कंप्यूटर साइंस का विद्यार्थी था।

मृत छात्र सौरभ बीटेक फर्स्ट ईयर का विद्यार्थी था और कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर रहा था।
यह है पूरा मामला
पुलिस ने बताया- घटना बुधवार शाम करीब 5:30 बजे की है। मृतक का रूममेट क्लास के लिए गया था। उसी समय छात्र ने यह कदम उठाया। इसके बाद उसके रूममेट और सिक्योरिटी गार्ड्स को इसका पता चला। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। आत्महत्या की आशंका है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर ही कुछ साफ हो पाएगा।
वहीं मृतक के पिता ने इसे हत्या बताते हुए संस्थान पर लापरवाही की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा- ये सीधे तौर पर हत्या है लेकिन IIT प्रशासन इसे सुसाइड में बदलने की कोशिश कर रहा है। संस्थान में कई बार बेटे के साथ रैगिंग हुई। उसने इसकी शिकायत भी की थी, लेकिन संस्थान ने उस पर ध्यान नहीं दिया।
संस्थान ने आरोपों पर कोई जवाब नहीं दिया है। हालांकि छात्र की मौत पर दुख जताया है और परिवार की हरसंभव मदद का भरोसा दिया है।