
विजयी हुए अध्यक्ष पद पर दिनेश सिंह महासचिव विनोद रावत को बधाई देते अधिवक्ता
– फोटो : संवाद
विस्तार
दि अलीगढ़ बार एसोसिएशन के सालाना चुनाव की मतगणना के बाद परिणाम जारी करने को लेकर शुरू हुई फजीहत दूसरे दिन 23 दिसंबर देर शाम दूर हो सकी। 22 दिसंबर देर रात से परिणाम जारी न करने की जिद पर अड़े निर्वाचन अधिकारी ने 23 दिसंबर देर शाम किसी तरह मान मनौव्वल पर परिणाम जारी किया। तब जाकर जीते हुए प्रत्याशियों ने राहत महसूस की। हालांकि उससे पहले दिन भर दीवानी में विजयी प्रत्याशियों के स्वागत व बधाई का दौर जारी रहा। इस चुनाव में दिनेश सिंह अध्यक्ष व विनोद रावत महासचिव पद पर निर्वाचित घोषित किए गए हैं।
बार चुनाव की मतगणना के अंतिम राउंड के दौरान 21 दिसंबर रात जीत के लिए बढ़त बनाए प्रत्याशियों के समर्थकों ने उत्साह में हंगामा कर दिया। वे सभी आरओ कक्ष में हंगामा करते हुए घुस गए थे। इस पर चुनाव अधिकारी अपनी पूरी टीम के साथ दस्तावेज लेकर वहां से चले आए। इसके बाद उम्मीद जताई गई कि शनिवार को वे परिणाम घोषित करेंगे। मगर उन्होंने दिन में भी परिणाम घोषित नहीं किया। बल्कि उनके रुख को देखकर हारे हुए खेमे ने प्रदेश बार काउंसिल से आए पर्यवेक्षक अरुण कुमार त्रिपाठी आदि से मौखिक शिकायत कर दी। लिखित शिकायत की तैयारी हो गई।
वहीं आरओ स्तर से यह कहा जाने लगा कि अब 24 दिसंबर से दीवानी बंद है और वे एक जनवरी को आकर निर्णय लेंगे। यह खबर मिलते ही विजयी प्रत्याशी परेशान हो गए। कुछ प्रत्याशी देर शाम आरओ के पास पहुंचे। जहां कई घंटों की बातचीत के बाद वे रिजल्ट जारी करने को तैयार हुए, तब उन्होंने परिणाम जारी किया। आरओ विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि उनके द्वारा कुछ बातों पर ऐतराज था। इसलिए परिणाम देरी से जारी किया है।
जारी परिणाम में अध्यक्ष दिनेश सिंह व महासचिव विनोद रावत आदि निर्वाचित किए गए हैं। नवनिर्वाचित महासचिव विनोद रावत ने देर रात परिणाम जारी किए जाने की पुष्टि की और परिणाम जारी किए जाने के समय वे आरओ के समक्ष मौजूद रहे। वहीं नवनिर्वाचित अध्यक्ष दिनेश सिंह का कहना है कि यह उनका अधिकार है, जब चाहें परिणाम जारी करें।
इस मामले में जीत की ओर अग्रसर प्रत्याशियों व समर्थकों ने हंगामा किया। इससे आरओ नाराज हुए। कुछ लोग आखिरी राउंड में मतपत्र तक ले गए। इसकी शिकायत पर्यवेक्षक तक हुई है। बाकी निर्णय आरओ स्तर से ही लिया जाना है, जो तय करेंगे, हम उनके साथ हैं।-संतोष वशिष्ठ, निवर्तमान अध्यक्ष

























