
दिल्ली में 9 साल की बच्ची के साथ रेप और उसकी हत्या के केस में महिला आयोग ने एक्शन लिया है
दिल्ली के स्वरूप नगर स्वरूप नगर में 9 साल की बच्ची के साथ रेप और हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मंगलवार (19 दिसंबर) को बताया कि बच्ची जिस घर में रह रही थी, उसी के मकान मालिक ने उसे पहले किडनैप किया। फिर उसका रेप करके हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने बच्ची के शव को नहर में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि 12 दिसंबर को बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान 52 साल के उसके मकान मालिक ने शख्स को किडनैप कर लिया था। काफी देर तक घरवालों को बच्ची नहीं मिली तो उन्होंने पुलिस में सूचना दी।
बच्ची की तलाश करने के दौरान पता चला कि जिस दिन बच्ची गायब हुई थी, उसी दिन वह मकान मालिक की कार में बैठी थी। इसके बाद मकान मालिक की तलाश की गई। पुलिस को पता चला कि उसका 15 दिसंबर को एक्सीडेंट हो गया है।
पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तो उसने बच्ची का अपहरण करने के बाद उसका रेप और हत्या करने की बात कबूली। आरोपी ने बताया कि बच्ची की हत्या करने के बाद उसने लाश नहर में फेंकी थी। पुलिस फिलहाल गोताखोरों की मदद से बच्ची की लाश की तलाश कर रही है।
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने इस मामले पर स्वत: संज्ञान लिया है। उन्होंने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। बच्ची के शव को अभी तक रिकवर नहीं किए जाने का कारण पूछा है। साथ ही केस से संबंधित जानकारी 22 दिसंबर तक देने की निर्देश दिया है।
NCRB की रिपोर्ट में दिल्ली महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित शहर
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) ने 2022 की रिपोर्ट 3 दिसंबर 2023 को जारी की थी। इस रिपोर्ट में बताया गया है कि दिल्ली महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित शहर है। यहां 2022 में एक दिन में 3 रेप केस दर्ज किए गए थे।रिपोर्ट के मुताबिक, 2022 में महिलाओं के खिलाफ अपराध के कुल 4,45,256 मामले दर्ज हुए। 2021 में 4,28,278 मामले दर्ज किए गए थे। एक साल में महिलाओं के खिलाफ 4 प्रतिशत ज्यादा मामले दर्ज हुए।
NCRB की रिपोर्ट में बच्चों के साथ होने वाले अपराधों को लेकर भी चिंता जताई गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, हर एक लाख बच्चों में क्राइम रेट 36.6 था, जो साल 2021 (33.6) की तुलना में 3% ज्यादा है।