महंगाई को लेकर आम आदमी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पेट्रोल-डीजल से लेकर रसोई गैस और रोजमर्रा की जरूरतों तक कीमतों की मार झेल रही जनता के सामने अब चुपचाप मोबाइल रिचार्ज महंगा होने पर सवाल खड़ा हो गया है।

सवाल यह है कि जिस मोबाइल के बिना आज पढ़ाई, नौकरी, कारोबार, बैंकिंग, सरकारी सेवाएं और रोजमर्रा की जिंदगी मुश्किल है, उसी मोबाइल को चलाने की कीमत भी धीरे-धीरे बढ़ाई जा रही है?

क्या सरकार जनता के सब्र का इम्तिहान ले रही है?
या फिर जनता को धर्म, देशभक्ति और राष्ट्रवाद का ऐसा ‘चूर्ण’ चटाया जा रहा है कि महंगाई का कितना भी बोझ डाल दिया जाए, वह सवाल न पूछे?

और सबसे बड़ा सवाल—क्या आने वाले चुनावों की तैयारियों के बीच जनता की जेब से निकलने वाला हर रुपया अब राजनीतिक व्यवस्था के लिए जरूरी हो गया है?

सवाल नंबर-1: मोबाइल रिचार्ज चुपचाप 16% तक महंगे कैसे हो गए?

भारत के टेलीकॉम बाजार में मुख्य रूप से जियो, एयरटेल, वोडाफोन-आइडिया और सरकारी कंपनी BSNL हैं। हालिया बदलावों में एयरटेल ने कई प्रीपेड प्लान बंद कर दिए हैं।

12 अगस्त 2026 को एयरटेल ने 249, 299, 579, 619 और 649 रुपये वाले पांच प्रीपेड प्लान बंद किए। इनके स्थान पर उपलब्ध कुछ विकल्पों की कीमत 5 से 16 प्रतिशत तक ज्यादा बैठती है।

मसलन, 299 रुपये में 28 दिन तक रोजाना 1.5GB डेटा मिलने वाला प्लान बंद होने के बाद 349 रुपये का विकल्प सामने आता है, जिसमें 28 दिन तक रोजाना 2GB डेटा मिलता है। यानी उपभोक्ता को करीब 16 प्रतिशत ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है।

दूसरी ओर जियो ने ‘जियो प्राइम’ सदस्यता शुरू की है। 300 रुपये सालाना देकर ग्राहक मौजूदा प्लान की कीमत को एक साल तक सुरक्षित रखने का विकल्प ले सकता है। यानी सीधे टैरिफ बढ़ाने के बजाय यहां भी उपभोक्ता की जेब पर एक अतिरिक्त सालाना खर्च जुड़ता है।

वोडाफोन-आइडिया और BSNL ने हाल में इस तरह के बड़े प्लान बंद करने की घोषणा नहीं की है।

सवाल नंबर-2: क्या अक्टूबर से दिसंबर के बीच फिर बढ़ेंगे रिचार्ज के दाम?

यहीं से चिंता और बढ़ती है।

बाजार से जुड़े कुछ रिसर्च और ब्रोकरेज अनुमानों में अक्टूबर से दिसंबर 2026 के बीच प्रीपेड टैरिफ में फिर बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।

सेंट्रम इंस्टीट्यूशनल रिसर्च के अनुमान के मुताबिक जियो, एयरटेल और वोडाफोन-आइडिया अगले कुछ महीनों में प्रीपेड प्लान 15 प्रतिशत तक महंगे कर सकते हैं।

वहीं कुछ अन्य बाजार विश्लेषणों में अगले 3 से 6 महीनों में करीब 10 से 12 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की संभावना बताई गई है।

यानी सवाल सिर्फ आज के रिचार्ज का नहीं है।

सवाल यह है कि क्या आने वाले महीनों में मोबाइल चलाना भी आम आदमी की जेब पर एक और बड़ा बोझ बनने जा रहा है?

सवाल नंबर-3: आखिर पहले कब-कब बढ़े मोबाइल रिचार्ज?

मोबाइल टैरिफ में यह पहली बड़ी बढ़ोतरी नहीं है।

दिसंबर 2019: टेलीकॉम कंपनियों ने करीब 40 प्रतिशत तक टैरिफ बढ़ाए। दिसंबर 2021: औसतन करीब 20 प्रतिशत तक टैरिफ बढ़े। जुलाई 2024: जियो, एयरटेल और वोडाफोन-आइडिया ने टैरिफ में बड़ी बढ़ोतरी की। क्रिसिल के अनुसार इस दौर में औसत बढ़ोतरी करीब 17 से 19 प्रतिशत रही।

इसके बाद औपचारिक तौर पर कोई बड़ी टैरिफ बढ़ोतरी घोषित न होने के बावजूद प्लान की संरचना बदलने, सस्ते विकल्प हटाने और कुछ प्लान की कीमत बढ़ाने जैसे बदलावों से उपभोक्ताओं पर ‘साइलेंट हाइक’ का असर पड़ता रहा है।

मसलन, अप्रैल 2026 में एयरटेल के 84 दिन की वैलिडिटी और रोजाना 1.5GB डेटा वाले प्लान की कीमत 859 से बढ़ाकर 899 रुपये किए जाने और कुछ सस्ते विकल्प हटाए जाने की बात सामने आई।

सवाल नंबर-4: कंपनियां रिचार्ज महंगे क्यों कर रही हैं?

कंपनियों की दलील का सबसे बड़ा आधार है ARPU—Average Revenue Per User, यानी एक ग्राहक से कंपनी की औसत मासिक कमाई।

भारतीय टेलीकॉम कंपनियों का ARPU अंतरराष्ट्रीय बाजारों की तुलना में कम है। कंपनियां इसे बढ़ाना चाहती हैं।

लेकिन यहां आम आदमी का सवाल भी जायज है—

कंपनी का ARPU बढ़े, यह जरूरी है; लेकिन क्या उसके लिए ग्राहक की जेब लगातार हल्की होती रहे, यह भी जरूरी है?

टेलीकॉम बाजार में प्रतिस्पर्धा पहले की तुलना में सीमित हुई है। ऐसे में उपभोक्ता के सामने विकल्प भी कम हैं। मोबाइल आज विलासिता नहीं, बल्कि जरूरत है।

बच्चे ऑनलाइन पढ़ते हैं, युवा नौकरी तलाशते हैं, दुकानदार डिजिटल भुगतान लेते हैं, किसान मौसम और बाजार की जानकारी मोबाइल से लेते हैं और सरकारी सेवाओं तक पहुंच भी मोबाइल के जरिए होती है।

फिर सवाल उठना स्वाभाविक है—

मोबाइल रिचार्ज महंगा करके आखिर किसका ‘कनेक्शन’ मजबूत किया जा रहा है और किसकी जेब काटी जा रही है?

और अब सबसे बड़ा राजनीतिक सवाल…

  • ‘अबकी बार मोदी सरकार’ के दौर में क्या महंगाई का भी कोई अंत है?
  • आखिर जाए तो जाए कहां?
  • क्या जनता से हर बार यही उम्मीद की जाएगी कि वह बढ़ती कीमतों को चुपचाप सहती रहे?
  • क्या देशभक्ति और धर्म के नाम पर जनता को भावनात्मक मुद्दों में उलझाकर महंगाई के सवाल को पीछे धकेला जा सकता है?
  • और अगर आने वाले महीनों में रिचार्ज फिर महंगे हुए तो सवाल और तीखा होगा।

क्या सरकार महंगाई रोकने के मूड में है या जनता की जेब का आखिरी ‘रिचार्ज’ भी खत्म होने का इंतजार कर रही है?

“मोबाइल रिचार्ज महंगा हुआ तो अगली बार जनता किसका रिचार्ज बंद करेगी?”

“पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, बिजली बिल और रोजमर्रा की चीजों की कीमतों के बीच अब मोबाइल रिचार्ज का बोझ भी बढ़ता दिखाई दे तो आम आदमी सवाल तो पूछेगा ही”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here