होम राज्य उत्तर प्रदेश बिल्सी में 10 लाख की चोरी ने लिया नया मोड़, बंद मकान...

बिल्सी में 10 लाख की चोरी ने लिया नया मोड़, बंद मकान में मिला आभूषणों से भरा थैला,19 जुलाई की चोरी के बाद नई गुत्थी, पुलिस हर पहलू पर कर रही जांच;

बिल्सी। थाना क्षेत्र के गांव दीननगर शेखपुर में 19 जुलाई की रात हुई करीब 10 लाख रुपये की चोरी के मामले ने शनिवार को नया मोड़ ले लिया। चोरी की घटना के लगभग दो सप्ताह बाद पीड़ित के दूसरे बंद मकान के भीतर रहस्यमय परिस्थितियों में सोने-चांदी के आभूषणों से भरा एक थैला मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बिल्सी पुलिस मौके पर पहुंची और बरामद सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पीड़ित जयपाल ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब छह बजे वह गांव में बने अपने दूसरे मकान पर किसी कार्य से पहुंचे। जैसे ही उन्होंने मकान का दरवाजा खोला, गेट से करीब पांच फुट अंदर एक थैला पड़ा दिखाई दिया। थैला खोलने पर उसमें सोने-चांदी के आभूषण मिले। इसकी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना पर कोतवाल मनोज कुमार सिंह, क्राइम इंस्पेक्टर वी.के. मौर्य और उपनिरीक्षक पुष्पराज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आभूषणों से भरे थैले को कब्जे में लेकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की।

अब इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया है कि बंद पड़े मकान के अंदर आभूषणों से भरा थैला आखिर पहुंचा कैसे? क्या किसी ने चोरी के बाद सबूत छिपाने या जांच को भटकाने की कोशिश की, या इसके पीछे कोई और साजिश है? इन तमाम सवालों के जवाब तलाशने में पुलिस जुटी हुई है।

गौरतलब है कि 19 जुलाई की रात चोरों ने जयपाल के घर में घुसकर एक लाख रुपये की नकदी तथा सोने-चांदी के आभूषणों सहित करीब 10 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया था। यह मामला अभी तक अनसुलझा है और अब आभूषणों से भरे थैले की बरामदगी ने जांच को नया मोड़ दे दिया है।

पीड़ित ने यह भी बताया कि वर्ष 2024 में भी उनके घर में घुसकर उन पर जानलेवा हमला किया गया था। ऐसे में लगातार हो रही घटनाओं से परिवार दहशत में है।

कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। बरामद सामान की भी जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इस घटनाक्रम के बाद दीननगर शेखपुर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और ग्रामीण पूरे मामले के शीघ्र खुलासे की मांग कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here