बदायूं। शहर के आर्य समाज चौक स्थित मालवीयगंज पुलिस चौकी के बाहर शनिवार दोपहर करीब एक बजे आकाशीय बिजली गिरने से ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। भीषण गर्मी के बीच बिजली गुल होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई, लेकिन बिजली विभाग की त्वरित कार्रवाई ने उपभोक्ताओं को राहत पहुंचाई।





घटना की सूचना मिलते ही पनवड़िया विद्युत उपकेंद्र के जेई सुनील कुमार अपनी तकनीकी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का तत्काल आकलन कर क्षतिग्रस्त ट्रांसफॉर्मर का लोड आसपास के अन्य ट्रांसफॉर्मरों पर डिवाइड कराया, जिससे करीब एक घंटे के भीतर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई।
उधर, एसडीओ पनवड़िया अरविंद कुमार भी बिना देर किए नए ट्रांसफॉर्मर को ट्रॉली से लेकर मौके पर पहुंच गए। उनकी निगरानी में क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त ट्रांसफॉर्मर को हटाकर नया ट्रांसफॉर्मर स्थापित कराया गया। इसके बाद तकनीकी टीम ने तेजी से विद्युत आपूर्ति को पूरी तरह सामान्य करने का कार्य शुरू कर दिया।
इस दौरान सेवाराम, शिवशंकर, सूरजपाल (टीजी-2), आलोक और ग्लैडवीन, अनार सिंह सहित पूरी तकनीकी टीम लगातार नए ट्रांसफॉर्मर को चालू करने में जुटी रही। अधिकारियों और कर्मचारियों के समन्वय व तत्परता का परिणाम रहा कि कुछ ही घंटों में नया ट्रांसफॉर्मर स्थापित कर दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने पहली बार इतनी तेजी से ट्रांसफॉर्मर बदलते देखा है। एडवोकेट अमित गौर, यश रस्तोगी उर्फ पारी, प्रदीप रस्तोगी, डॉ. उमेश चंद्र गौड़, अंश गुप्ता उर्फ मयूर, राजेश सक्सेना, प्रदीप भारद्वाज और विकास भारद्वाज ने स्वदेश केसरी न्यूज़ से बातचीत में कहा कि बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने जिस तत्परता से काम किया, वह सराहनीय है। यदि विभाग इसी तरह कार्य करता रहा तो उपभोक्ताओं का विश्वास और मजबूत होगा।
भीषण गर्मी के बीच बिजली विभाग की इस तेज और प्रभावी कार्यशैली की शहरभर में चर्चा रही तथा लोगों ने विशेष रूप से एसडीओ अरविंद कुमार और जेई सुनील कुमार के नेतृत्व में की गई त्वरित कार्रवाई की खुलकर प्रशंसा की।


























