मुरादाबाद। सावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने मुरादाबाद रोडवेज बस स्टैंड को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। इसके स्थान पर आजाद नगर, आरटीओ कार्यालय (चंदौसी रोड) पर अस्थायी बस स्टैंड बनाया गया है, जहां से विभिन्न मार्गों की बसों का संचालन किया जाएगा।
पीतल नगरी डिपो से मिली जानकारी के अनुसार 2 अगस्त 2026 से सावन माह के दौरान प्रत्येक शुक्रवार से सोमवार तक मुरादाबाद–मैनपुरी रोडवेज बस सेवा अस्थायी बस स्टैंड, आजाद नगर आरटीओ चंदौसी रोड से संचालित होगी।
बस अपने निर्धारित समय प्रातः 7:30 बजे आजाद नगर से रवाना होकर चंदौसी, बिसौली, बिल्सी, कादरचौक, गंजडुंडवारा, पटियाली और एटा होते हुए मैनपुरी पहुंचेगी। वापसी में भी बस इसी मार्ग से मुरादाबाद आएगी।
रोडवेज प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि कांवड़ मेले के दौरान बस पकड़ने के लिए पुराने रोडवेज बस स्टैंड के बजाय अस्थायी बस स्टैंड, आजाद नगर आरटीओ चंदौसी रोड पर पहुंचें। इससे अनावश्यक असुविधा से बचा जा सकेगा।
परिचालक प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान भी मुरादाबाद–मैनपुरी वाया बिल्सी रोडवेज सेवा नियमित रूप से संचालित रहेगी और यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।


























