
बिल्सी। नगर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में शुक्रवार को अखंड भारत संकल्प दिवस श्रद्धा एवं राष्ट्रभावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन अटल चौक पर किया गया, जहां कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित लोगों ने अखंड भारत के मानचित्र के समक्ष मां भारती की आरती एवं उपासना की।
कार्यक्रम के दौरान अखंड भारत के मानचित्र को सजाकर भारत की सांस्कृतिक एकता और अखंडता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय गीतकार नरेंद्र गरल ने अपनी कविता के माध्यम से अखंड भारत की अवधारणा एवं राष्ट्र की एकता-अखंडता पर प्रकाश डाला। उनकी प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों में राष्ट्रभावना का संचार किया।
वक्ताओं ने कहा कि अखंड भारत संकल्प दिवस का उद्देश्य देश की सांस्कृतिक एकता, राष्ट्रीय चेतना और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने राष्ट्रहित में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं, व्यापारी बंधुओं सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान भारत माता के जयकारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया।
























