


बदायूं। शहर के बिरवाबाड़ी मंदिर परिसर में श्री श्री गौर निताई संकीर्तन ट्रस्ट (रजि.) बदायूं के तत्वावधान में हरियाली तीज उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। मंदिर परिसर में दिनभर भजन-कीर्तन और संकीर्तन की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
हरियाली तीज के पावन अवसर पर श्री गौर-निताई का विशेष श्रृंगार किया गया और उन्हें युगल सरकार श्री राधा-कृष्ण के स्वरूप में सजाया गया। श्रद्धालुओं ने राधा रानी को विधि-विधान एवं श्रद्धाभाव से सोलह श्रृंगार अर्पित किए। इसके साथ ही मंदिर परिसर में विशेष झूलन उत्सव भी आयोजित किया गया।
झूलन उत्सव के दौरान भक्तों ने मधुर भजनों और संकीर्तन में उत्साहपूर्वक भाग लिया। भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते और नृत्य करते नजर आए। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और आनंद का ऐसा वातावरण रहा कि श्रद्धालु काफी देर तक संकीर्तन में लीन रहे।
आरती के बाद वितरित हुआ प्रसाद
संकीर्तन के उपरांत विधिवत आरती की गई। श्रद्धालुओं ने आरती में शामिल होकर भगवान का आशीर्वाद लिया। इसके बाद सभी उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में महाराज श्री पंकज जी, अरुण, पवन, गौरांग, कृष्णा एवं अग्र सहित अनेक वैष्णव जनों का विशेष सहयोग रहा। सभी सेवाभाव के साथ आयोजन की व्यवस्थाओं में जुटे रहे।
ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बताया कि हरियाली तीज का यह आयोजन प्रतिवर्ष श्रद्धालुओं को भक्ति, आध्यात्मिक आनंद और सामूहिक संकीर्तन से जोड़ने का माध्यम बन रहा है। आयोजन के समापन पर ट्रस्ट की ओर से सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों और सेवाभावी वैष्णवजनों का आभार व्यक्त किया गया।
























