

बदायूं। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की जनपद स्तरीय आवश्यक बैठक मंगलवार को संघ के जिलाध्यक्ष एवं टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय सचिव संजीव शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विकास खंडों से आए पदाधिकारियों ने शिक्षकों की लंबित समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
बैठक में चयन वेतनमान के एरियर भुगतान, विभिन्न विकास क्षेत्रों के शिक्षकों के चयन वेतनमान की स्वीकृति, 29334 गणित-विज्ञान भर्ती के शिक्षकों के लंबित वेतन, फार्म-16 उपलब्ध न होने से आयकर रिटर्न दाखिल करने में आ रही परेशानी, विद्यालयों में गैस सिलेंडर रिफिल व्यवस्था, खाद्यान्न की उपलब्धता तथा मध्यान्ह भोजन योजना के संचालन में आ रही दिक्कतों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके अलावा कैशलेस चिकित्सा योजना से जुड़े आवेदनों के लंबित होने के कारण शिक्षकों की केवाईसी प्रक्रिया पूरी न होने का मुद्दा भी उठाया गया।
जिलाध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा कि शिक्षकों की सभी लंबित समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से वार्ता की जाएगी और प्रत्येक मुद्दे का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने प्रांतीय बैठक में मिले निर्देशों की जानकारी देते हुए सभी ब्लॉक पदाधिकारियों को मूल जनपद संबंधी सूची बुधवार तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि 27 जुलाई 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी अनिवार्यता के विरोध में 20 जुलाई 2026 तक जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके लिए जिला महामंत्री उदयवीर सिंह यादव को सांसदों से समय लेने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक का संचालन उझानी ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद दीक्षित ने किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री उदयवीर सिंह यादव, जिला कोषाध्यक्ष सुशील चौधरी, दामोदर सिंह यादव, अनुज शर्मा, शैलेंद्र सिंह राघव, बृजेश यादव, राजेश कुमार, संजय यादव, अशोक यादव, डॉ. पंकज पाठक, डॉ. यतेंद्र शर्मा, मधुकर उपाध्याय, विनेश शर्मा, रामसेवक वर्मा, सलमान खान, राधेश्याम, मुकेश कुमार, तर्गीब दानिश, कैलाश यादव, योगेश कुमार, रामकिशोर पाल, राजेंद्र गुलाटी, योगेंद्र कुमार, जमील अहमद, मोहम्मद नदीम, राघवेंद्र शर्मा, वैभव श्रोत्रिय, आयुष भारद्वाज, रमन कुमार सहित जनपद के विभिन्न विकास खंडों के पदाधिकारी मौजूद रहे।


























