बदायूं। श्रावण मास में निकल रही कांवड़ यात्रा और इसके चलते लागू किए जा रहे रूट डायवर्जन को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार ने आदेश जारी करते हुए जनपद के कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त एवं विभिन्न बोर्डों के विद्यालयों में श्रावण मास के प्रत्येक शनिवार एवं सोमवार को अवकाश घोषित कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित होने और शिक्षकों के विद्यालय आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों को देखते हुए जिलाधिकारी की अनुमति के अनुपालन में यह निर्णय लिया गया है।
हालांकि अवकाश के दौरान विद्यालय स्टाफ को पूर्ण रूप से कार्यमुक्त नहीं किया गया है। बीएसए ने सभी प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे इन दिनों शासन और विभाग की महत्वपूर्ण योजनाओं से जुड़े कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण करें।
इन कार्यों में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान, ईको क्लब की नोटिफिकेशन अपलोडिंग, इंस्पायर अवार्ड आवेदन, अपार आईडी (APAR ID), यू-डाइस (UDISE) से संबंधित कार्य तथा वृक्षारोपण के बाद जियो टैगिंग सहित अन्य विभागीय कार्य शामिल हैं।
बीएसए नवीन कुमार ने आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए इसकी प्रतिलिपि जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी है।
इस निर्णय से श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान विद्यालय आने-जाने वाले हजारों छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को राहत मिलने की उम्मीद है।


























