होम राज्य उत्तर प्रदेश बिल्सी में एक्सपायरी खाद्य सामग्री का बड़ा भंडाफोड़, 7 हजार किलो सामान...

बिल्सी में एक्सपायरी खाद्य सामग्री का बड़ा भंडाफोड़, 7 हजार किलो सामान से भरा गोदाम सील,

एसडीएम व खाद्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई, नमकीन, बिस्किट, फ्रूट ड्रिंक समेत कई खाद्य पदार्थ बरामद; दोबारा पैक कर बाजार में बेचने की आशंका

बिल्सी। बिल्सी तहसील प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए खैरी गांव में संचालित एक गोदाम से भारी मात्रा में एक्सपायरी खाद्य सामग्री बरामद की। मुखबिर की सूचना पर हुई इस छापेमारी में करीब 7 हजार किलोग्राम एक्सपायरी खाद्य पदार्थ मिलने से अधिकारियों के भी होश उड़ गए। आशंका जताई जा रही है कि एक्सपायरी सामग्री को दोबारा पैक कर बाजार में बेचने की तैयारी की जा रही थी।

जानकारी के अनुसार, पिछले कई दिनों से खैरी गांव स्थित एक गोदाम में रात के समय बड़ी मात्रा में एक्सपायरी खाद्य सामग्री लाई जा रही थी। सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गोदाम खुलवाकर जांच की। अंदर बड़ी मात्रा में नमकीन, फ्रूट ड्रिंक, बिस्किट, चावल तथा अन्य खाद्य सामग्री एक्सपायरी अवस्था में रखी मिली।

एसडीएम राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मौके से बरामद करीब 7 हजार किलो एक्सपायरी खाद्य सामग्री से भरे गोदाम को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच के लिए छह खाद्य पदार्थों के नमूने भी संग्रहित किए हैं, जिन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गोदाम बरेली जनपद के केसरपुरा गांव निवासी इलसयार पुत्र चुन्नू खान ने लगभग एक पखवाड़ा पूर्व किराये पर लिया था। अब यह जांच की जा रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा एक्सपायरी सामान कहां से लाया जा रहा था और किन क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति की जानी थी।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सी.एल. यादव ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत कार्रवाई की गई है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद खैरी गांव सहित पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रशासन का कहना है कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here