बिल्सी। नगर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शनिवार को नगर के खैरी स्टैंड पर जल्द ही शुरू होने जा रहे एयरटेल स्टोर को अज्ञात चोरों ने उद्घाटन से पहले ही अपना निशाना बना लिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात में चोर दुकान का एल्यूमिनियम-सीसे का गेट तोड़कर अंदर घुस गए और लैपटॉप, इनवर्टर, बैटरी तथा गुल्लक में रखी हजारों रुपये की नगदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और सोशल मीडिया पर भी मामला तेजी से वायरल हो गया।

दुकान स्वामी रोहित सिंह तोमर ने बताया कि स्टोर में फर्नीचर और अन्य तैयारियों का कार्य चल रहा था तथा अगले सप्ताह इसका भव्य उद्घाटन होना था। शनिवार शाम करीब 4 बजे वह बाजार के कुछ आवश्यक कार्य से दुकान का सीसे वाला गेट बंद कर चले गए थे। लगभग एक घंटे बाद लौटने पर देखा कि गेट का लॉक टूटा हुआ था और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। बिजली की वायरिंग भी क्षतिग्रस्त कर दी गई थी। जांच करने पर पता चला कि चोर लैपटॉप, इनवर्टर, बैटरी और गुल्लक में रखी नकदी चोरी कर ले गए।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाई जा रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

दिनदहाड़े हुई इस चोरी की वारदात ने नगर में कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से शीघ्र घटना का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here