बिल्सी (बदायूं)। नगर पालिका परिषद बिल्सी की ओर से विकास कार्यों की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए शनिवार को तहसील परिसर में नई सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। राज्य वित्त आयोग मद से 8 लाख 50 हजार रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क का विधिवत शिलान्यास नगर पालिका परिषद की चेयरमैन श्रीमती ज्ञान देवी सागर एवं पूर्व चेयरमैन ओम प्रकाश सागर ने किया।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान चेयरमैन श्रीमती ज्ञान देवी सागर ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड और सार्वजनिक स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर के विकास की गति इसी प्रकार निरंतर जारी रहेगी और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।
पूर्व चेयरमैन ओम प्रकाश सागर ने कहा कि तहसील परिसर में सड़क निर्माण होने से अधिवक्ताओं, वादकारियों और आम नागरिकों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। नगर पालिका जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार विकास कार्य करा रही है।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण मौजूद रहे और सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।


























